
रायगढ़ में “ऑपरेशन प्रहार” का बड़ा एक्शन: 5 ट्रकों से 89 टन अवैध स्क्रैप जब्त, मचा हड़कंप
रायगढ़। जिले में कबाड़ के नाम पर चल रहे अवैध कारोबार पर रायगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 5 ट्रकों से 89.28 टन स्क्रैप जब्त किया है। इस कार्रवाई के बाद पूरे नेटवर्क में हड़कंप मच गया है।
मुखबिर सूचना पर ताबड़तोड़ दबिश
एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन में “ऑपरेशन प्रहार” के तहत पूंजीपथरा थाना क्षेत्र में पुलिस ने अग्रोहा प्लांट, तमनार चौक और गेरवानी सलासर चौक समेत कई स्थानों पर एक साथ घेराबंदी कर कार्रवाई की।

चार ट्रक रंगे हाथ पकड़े गए
- CG15EB9886: 25.51 टन स्क्रैप, कीमत लगभग ₹6.37 लाख
- CG15AC1320: 24.20 टन स्क्रैप, कीमत ₹6.05 लाख
- CG15EC9886: 4.95 टन स्क्रैप, कुल जब्ती ₹8.23 लाख
- CG07CC0311: 11 टन स्क्रैप, कुल कीमत ₹9.75 लाख
चारों मामलों में चालकों के पास कोई वैध दस्तावेज नहीं मिले, जिसके बाद सभी को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया गया।
एक ट्रक लावारिस मिला
कार्रवाई के दौरान CG04LE9157 ट्रक लावारिस हालत में मिला, जिसमें 23.62 टन स्क्रैप भरा हुआ था। पुलिस ने ट्रक जब्त कर जांच शुरू कर दी है।
कानूनी कार्रवाई और धाराएं
पुलिस ने सभी मामलों में संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं लावारिस ट्रक के मामले में अलग से जांच जारी है।
GST फ्रॉड और चोरी के माल का शक
पुलिस के अनुसार इस अवैध कारोबार में टैक्स चोरी, जीएसटी फ्रॉड और चोरी का माल खपाने जैसे गंभीर अपराध जुड़े हो सकते हैं।
पहले ही दी गई थी चेतावनी
14 अप्रैल को हुई बैठक में पुलिस, प्रशासन और जीएसटी अधिकारियों ने उद्योगों को स्पष्ट चेतावनी दी थी कि बिना वैध दस्तावेज के कबाड़ खरीदने पर कड़ी कार्रवाई होगी।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि “ऑपरेशन प्रहार” लगातार जारी रहेगा और अवैध कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।


