रायगढ़ में कांग्रेस के संगठन सृजन प्रशिक्षण शिविर की तैयारी तेज, बिहारी पटेल बने प्रभारी

योगेंद्र यादव को मिली सह प्रभारी की जिम्मेदारी, बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने पर रहेगा फोकस

रायगढ़। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर रायगढ़ जिले में संगठन सृजन प्रशिक्षण शिविर आयोजित करने की तैयारियां तेज हो गई हैं। अभनपुर में आयोजित 10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर से मिले अनुभवों को जमीनी स्तर तक पहुंचाने के उद्देश्य से जिला, ब्लॉक, सेक्टर और बूथ स्तर के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का प्रशिक्षण आयोजित किया जाएगा।

जिला कांग्रेस कमेटी (ग्रामीण) के संगठन प्रभारी महामंत्री दीपक मंडल ने बताया कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी के दिशा-निर्देश तथा जिला कांग्रेस कमेटी (ग्रामीण) के अध्यक्ष नगेंद्र नेगी के मार्गदर्शन में संगठन को अधिक मजबूत और सक्रिय बनाने के लिए प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जाएगा।

प्रशिक्षण शिविर के सुचारू संचालन के लिए तमनार के पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष एवं वर्तमान जिला महामंत्री बिहारी लाल पटेल को प्रभारी नियुक्त किया गया है। वहीं जिला महामंत्री योगेंद्र यादव को सह प्रभारी बनाया गया है। अध्यक्ष नगेंद्र नेगी के अनुमोदन के बाद प्रभारी महामंत्री दीपक मंडल ने दोनों की नियुक्ति का आदेश जारी किया।

प्रशिक्षण शिविर का उद्देश्य संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करना, बूथ स्तर तक कांग्रेस की सक्रियता बढ़ाना, कार्यकर्ताओं में नेतृत्व क्षमता का विकास करना तथा कांग्रेस की विचारधारा और जनहित के मुद्दों को प्रभावी ढंग से जनता तक पहुंचाना है। प्रशिक्षण के दौरान संगठन विस्तार, जनसंपर्क, सामाजिक सरोकार, चुनावी तैयारी और कार्यकर्ताओं की भूमिका जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।

जिला कांग्रेस कमेटी (ग्रामीण) के अध्यक्ष नगेंद्र नेगी ने बताया कि अभनपुर प्रशिक्षण शिविर से प्राप्त अनुभवों के आधार पर रायगढ़ जिले के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार की जा रही है। जल्द ही शिविर की तिथि, स्थान और कार्यक्रम की रूपरेखा घोषित कर सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को इसकी जानकारी दी जाएगी।

उन्होंने विश्वास जताया कि संगठन सृजन प्रशिक्षण शिविर के माध्यम से कांग्रेस कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा, अनुशासन और संगठन के प्रति समर्पण की भावना मजबूत होगी तथा आने वाले समय में रायगढ़ जिले में कांग्रेस संगठन बूथ स्तर तक और अधिक सशक्त होकर जनता के बीच प्रभावी भूमिका निभाएगा।

Back to top button