रायगढ़ में दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों का प्रदर्शन, नियमितीकरण समेत 10 मांगों को लेकर सौंपा ज्ञापन

रायगढ़: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में दैनिक वेतनभोगी कर्मचारी फेडरेशन के बैनर तले बड़ी संख्या में कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। शहीद कर्नल विप्लव त्रिपाठी मिनी स्टेडियम में एकत्रित होकर कर्मचारियों ने नारेबाजी की और फिर रैली निकालते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे, जहां मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा गया।


प्रदेशभर से पहुंचे कर्मचारी

शुक्रवार दोपहर आयोजित इस प्रदर्शन में रायपुर, बलौदाबाजार, रायगढ़, धमतरी, गरियाबंद, राजनांदगांव सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों से कर्मचारी शामिल हुए। इनमें वाहन चालक, कम्प्यूटर ऑपरेटर, डाटा एंट्री ऑपरेटर, कार्यालय सहायक, तेंदूपत्ता गोदाम चौकीदार और स्कूल सफाई कर्मचारी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।


आश्वासन के बाद भी पूरी नहीं हुई मांगें

प्रदर्शनकारियों का कहना है कि इससे पहले भी उनकी मांगों को लेकर आंदोलन किया गया था और शासन द्वारा आश्वासन दिया गया था, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। इसी के विरोध में उन्होंने फिर से आंदोलन का रास्ता अपनाया।


कलेक्ट्रेट पहुंचकर सौंपा ज्ञापन

धरना स्थल से रैली के रूप में निकले कर्मचारी कलेक्ट्रेट पहुंचे और मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपते हुए जल्द मांगें पूरी करने की मांग की। कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।


दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों की प्रमुख मांगें

  • सभी विभागों में कार्यरत कर्मचारियों का नियमितीकरण किया जाए
  • 2 वर्ष सेवा पूर्ण करने वालों का स्थाईकरण किया जाए
  • वन विभाग के प्रस्तावों को तत्काल स्वीकृति दी जाए
  • 4 श्रम संहिता कानून लागू कर केंद्र के समान वेतन दिया जाए
  • वंचित कर्मचारियों को ₹4000 प्रतिमाह श्रम सम्मान राशि दी जाए
  • आउटसोर्स और ठेका प्रथा पर रोक लगाई जाए
  • स्कूल सफाई कर्मचारियों को पूर्णकालिक कर उचित वेतन दिया जाए
  • रिक्त पदों पर पहले अनुभवी दैनिक कर्मचारियों का समायोजन किया जाए
  • 1 मई मजदूर दिवस पर सवैतनिक अवकाश घोषित किया जाए
  • वन विभाग के सुरक्षा श्रमिकों को श्रम दर के अनुसार वेतन दिया जाए
Back to top button