रायगढ़ में विंडो एसी ब्लास्ट से भीषण आग, पिता की मौत, बेटा गंभीर
रायगढ़। शहर की आईटीआई कॉलोनी में बुधवार देर रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। घर में लगे विंडो एसी में अचानक विस्फोट होने के बाद भीषण आग लग गई। हादसे में पिता की मौके पर मौत हो गई, जबकि उनका 19 वर्षीय बेटा गंभीर रूप से झुलस गया। घायल युवक का अस्पताल में उपचार जारी है।
जानकारी के अनुसार, घटना रात करीब 3 बजे की है। परिवार घर में सो रहा था, तभी विंडो एसी में तेज धमाका हुआ और देखते ही देखते आग ने पूरे कमरे को अपनी चपेट में ले लिया। आग तेजी से फैलने के कारण पिता-पुत्र को बाहर निकलने का पर्याप्त मौका नहीं मिल सका। आग में घर का अधिकांश सामान, एक मोटरसाइकिल और एक स्कूटी भी जलकर नष्ट हो गई।
पड़ोसियों ने तोड़ा ताला, फिर भी नहीं बच सकी जान
धमाके और चीख-पुकार की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। पड़ोसियों ने घर का ताला तोड़कर दोनों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक पुरुषोत्तम पटेल उर्फ राज गंभीर रूप से झुलस चुके थे और उनकी मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल बेटे राजवीर पटेल को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसे की वजह विंडो एसी में हुआ विस्फोट माना जा रहा है। हालांकि वास्तविक कारण जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।



