रायगढ़ : वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने विकास कार्यों का किया निरीक्षण, गुणवत्ता और समयबद्धता पर दिया जोर

फोर-लेन सड़क, गोवर्धनपुर पुल, मरीन ड्राइव और स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स सहित कई परियोजनाओं की प्रगति का लिया जायजा

रायगढ़, 24 जुलाई। प्रदेश के वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी ने शुक्रवार को शहर में चल रही विभिन्न विकास परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को सभी परियोजनाएं निर्धारित समय-सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान वित्त मंत्री ने फोर-लेन सड़क, गोवर्धनपुर पुल, मरीन ड्राइव, दूध डेयरी एवं एफसीआई ऑक्सीजोन, चांदमारी एवं मोदीनगर हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी तथा लोहरसिंह स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स सहित कई निर्माणाधीन परियोजनाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने प्रत्येक स्थल पर निर्माण कार्यों की प्रगति, तकनीकी गुणवत्ता और आगामी कार्ययोजना की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों से आवश्यक जानकारी ली।

वित्त मंत्री ने कहा कि शहर में बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए कोतरारोड थाना चौक से ढिमरापुर, ढिमरापुर से सीएमएचओ कार्यालय तिराहा तथा सर्किट हाउस मार्ग सहित विभिन्न हिस्सों में फोर-लेन सड़क का निर्माण कराया जा रहा है, जिससे यातायात व्यवस्था अधिक सुगम होगी। उन्होंने बताया कि गोवर्धनपुर पुल का कार्यादेश जारी हो चुका है और जल्द ही निर्माण कार्य में तेजी आएगी, जिससे शहर के विभिन्न क्षेत्रों के बीच संपर्क बेहतर होगा।

उन्होंने कहा कि रायगढ़ की कई महत्वपूर्ण विकास परियोजनाएं वर्षों से लंबित थीं, जिन्हें राज्य सरकार प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार का उद्देश्य शहर को आधुनिक आधारभूत सुविधाओं से सुसज्जित कर नागरिकों को बेहतर आवागमन और अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है।

निरीक्षण के दौरान महापौर जीवर्धन चौहान, सभापति डिग्रीलाल साहू, कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी, नगर निगम आयुक्त बृजेश सिंह क्षत्रिय सहित जनप्रतिनिधि, संबंधित विभागों के अधिकारी एवं निर्माण एजेंसियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Back to top button