रायगढ़ : सड़क किनारे झोपड़ी में छिपाकर रखा था 415 लीटर डीजल, छाल पुलिस ने आरोपी को पकड़ा

रायगढ़, 9 अक्टूबर 2026। जिले के छाल थाना क्षेत्र में सड़क किनारे अवैध रूप से डीजल का भंडारण कर बिक्री करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने हाटी-ढोढ़ीखार मुख्य मार्ग के पास एक झोपड़ी में छापेमारी कर 415 लीटर डीजल जब्त किया है, जिसकी कीमत करीब 41,500 रुपये बताई गई है। मामले में 38 वर्षीय आरोपी राजेश उर्फ कारू साव को गिरफ्तार कर रिमांड पर भेज दिया गया है।

कम कीमत पर डीजल खरीदकर अधिक दाम में बेचने का आरोप

पुलिस के अनुसार, 8 अक्टूबर को छाल थाना प्रभारी निरीक्षक नासिर खान को सूचना मिली थी कि हाटी-ढोढ़ीखार मुख्य मार्ग के किनारे एक झोपड़ी में डीजल का अवैध भंडारण कर राहगीरों और वाहन चालकों को बेचा जा रहा है।

सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। वहां राजेश उर्फ कारू साव डीजल का भंडारण कर बिक्री करते मिला। पुलिस ने उससे डीजल के बिल और वैध दस्तावेज मांगे, लेकिन वह प्रस्तुत नहीं कर सका।

दो ड्रम और एक जरकीन में मिला डीजल

पुलिस ने मौके से दो प्लास्टिक ड्रमों में भरा करीब 200-200 लीटर डीजल और 15 लीटर क्षमता की एक जरकीन में रखा डीजल जब्त किया। कुल मात्रा 415 लीटर बताई गई है।

इसके अलावा डीजल निकालने में इस्तेमाल होने वाला एक पाइप और एक चाड़ी भी जब्त की गई। जब्त डीजल की अनुमानित कीमत 41,500 रुपये बताई गई है।

झोपड़ी बनाकर चला रहा था कारोबार

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह कुछ समय से मुख्य मार्ग के किनारे झोपड़ी बनाकर रह रहा था। आरोप है कि वह गुजरने वाले वाहनों से कम कीमत पर डीजल खरीदता था और उसे ड्रमों में जमा कर बाद में अधिक कीमत पर बेचता था।

पुलिस ने असुरक्षित तरीके से ज्वलनशील पदार्थ का भंडारण करने और आवश्यक दस्तावेज नहीं मिलने के मामले में कार्रवाई की है।

BNS और आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत कार्रवाई

छाल पुलिस ने आरोपी राजेश उर्फ कारू साव, निवासी सिथरा, थाना धरमजयगढ़, के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 287 तथा आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 3 और 7 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी को 8 अक्टूबर को गिरफ्तार कर रिमांड पर भेज दिया गया।

पुलिस टीम की रही भूमिका

यह कार्रवाई एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी के मार्गदर्शन और खरसिया एसडीओपी सतीश भार्गव के पर्यवेक्षण में की गई। कार्रवाई में छाल थाना प्रभारी नासिर खान सहित पुलिसकर्मियों की भूमिका रही।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि ज्वलनशील पदार्थों का असुरक्षित भंडारण आम नागरिकों के जीवन और संपत्ति के लिए खतरा बन सकता है। ऐसे मामलों में संलिप्त लोगों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Back to top button