रायगढ़ : हाईवे पर मवेशियों से होने वाली दुर्घटनाएं रोकने यातायात पुलिस का अनोखा अभियान

मवेशियों के गले में लगाए जा रहे रेडियम रिफ्लेक्टिव बैंड, पशुपालकों से भी किया जा रहा सहयोग का आह्वान

रायगढ़। बरसात के मौसम में राष्ट्रीय राजमार्गों पर आवारा और घुमंतू मवेशियों के कारण होने वाली सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए रायगढ़ यातायात पुलिस ने विशेष अभियान शुरू किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में ट्रैफिक डीएसपी उत्तम प्रताप सिंह और यातायात थाना प्रभारी रोहित बंजारे के नेतृत्व में हाईवे पर घूम रहे मवेशियों के गले में रेडियम रिफ्लेक्टिव बैंड लगाए जा रहे हैं।

एनएच-49 से हुई अभियान की शुरुआत

अभियान की शुरुआत रायगढ़-खरसिया राष्ट्रीय राजमार्ग-49 से की गई। इस दौरान पुलिस ने मवेशियों के गले में रेडियम कॉलर बेल्ट लगाने के साथ ही पशुपालकों और पुलिस मित्रों को भी रेडियम पट्टे वितरित किए, ताकि वे अपने क्षेत्र के मवेशियों के गले में इन्हें लगा सकें। सोमवार को यह अभियान कोतरारोड क्षेत्र में भी चलाया गया।

रात में दुर्घटनाएं रोकने की पहल

यातायात पुलिस के अनुसार, बारिश के मौसम में मवेशी अक्सर सड़क और हाईवे पर बैठ जाते हैं या अचानक सड़क पार करने लगते हैं। रात के समय कम दृश्यता के कारण वाहन चालकों को वे समय पर दिखाई नहीं देते, जिससे गंभीर सड़क दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है। रेडियम रिफ्लेक्टिव बैंड हेडलाइट की रोशनी में दूर से चमकते हैं, जिससे चालक समय रहते सतर्क होकर वाहन की गति नियंत्रित कर सकते हैं।

ग्रामीणों और पशुपालकों को किया जागरूक

अभियान के दौरान हाईवे किनारे बसे गांवों के सरपंचों, जनप्रतिनिधियों और पशुपालकों से संवाद कर उन्हें मवेशियों को सड़क पर खुला नहीं छोड़ने, गौठान या घर में चारा-पानी की व्यवस्था करने तथा सभी मवेशियों के गले में रेडियम पट्टे लगाने की अपील की गई। पुलिस ने कहा कि सड़क सुरक्षा को प्रभावी बनाने में आमजन की भागीदारी बेहद महत्वपूर्ण है।

वाहन चालकों से भी सतर्क रहने की अपील

यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से बरसात और रात्रि के समय निर्धारित गति सीमा का पालन करने, सतर्कता के साथ वाहन चलाने तथा हाईवे पर मवेशी दिखाई देने पर विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।

एसएसपी बोले— सड़क सुरक्षा सबकी जिम्मेदारी

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने पशुपालकों से अपने मवेशियों को सड़क पर खुला नहीं छोड़ने और उनके गले में रेडियम बैंड लगाने का आग्रह करते हुए कहा कि जनसहयोग से ही इस तरह के अभियान सफल बनाए जा सकते हैं।

Back to top button