रायपुर : बाघ की दो खालों के साथ दो अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार, वन विभाग की बड़ी कार्रवाई

छत्तीसगढ़-महाराष्ट्र सीमा पर विशेष अभियान में सफलता, वन्यजीव तस्करी के नेटवर्क की जांच जारी

रायपुर। छत्तीसगढ़ में वन्यजीव संरक्षण के तहत वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए छत्तीसगढ़-महाराष्ट्र सीमा से बाघ की दो खालों के साथ दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप के मार्गदर्शन में की गई इस कार्रवाई को वन्यजीव तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है।

गोपनीय सूचना पर चला विशेष अभियान

वन विभाग को मिली गोपनीय सूचना के आधार पर पश्चिम भानुप्रतापपुर वनमंडल के बांदे परिक्षेत्र के सीमावर्ती क्षेत्र में विशेष अभियान चलाया गया। घेराबंदी के दौरान महाराष्ट्र के गढ़चिरौली निवासी दो आरोपियों को मोटरसाइकिल से बाघ की दो खालों की अवैध तस्करी करते हुए गिरफ्तार किया गया।

वन्यजीव संरक्षण पर सरकार की सख्त नीति

वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि राज्य सरकार वन्यजीवों के संरक्षण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। बाघ सहित संरक्षित वन्यजीवों की तस्करी करने वालों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश के जंगल और जैव विविधता राज्य की अमूल्य धरोहर हैं, जिनके संरक्षण से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।

आधुनिक तकनीक से हो रही निगरानी

मंत्री ने बताया कि वन विभाग आधुनिक तकनीक, खुफिया तंत्र और विभिन्न एजेंसियों के समन्वय से वन्यजीव अपराधों पर लगातार निगरानी रख रहा है। संगठित तस्करी नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।

न्यायिक हिरासत में भेजे गए आरोपी

वन विभाग ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। विभाग अब इस अवैध तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटा है और पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है।

Back to top button