रायपुर में कल सजेगी ‘रंग संगीत’ सांस्कृतिक संध्या, युवा प्रतिभाओं से लेकर लोक गायन तक होगा संगम
रायपुर, 03 अक्टूबर। संस्कृति विभाग, छत्तीसगढ़ शासन के विशेष सहयोग से प्रदेश की प्रतिष्ठित सामाजिक व सांस्कृतिक संस्था श्री साईंनाथ फाउंडेशन के तत्वावधान में एक दिवसीय सांस्कृतिक संध्या ‘रंग संगीत’ का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन 04 अक्टूबर, रविवार को राजधानी रायपुर के एक निजी होटल में होगा।
कार्यक्रम कविता और संगीत से ओतप्रोत रहेगा, जिसमें चार विभिन्न सत्रों में अनेक साहित्यिक एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी।
श्री साईंनाथ फाउंडेशन के अध्यक्ष आशीष राज सिंघानिया ने बताया कि यह कार्यक्रम छत्तीसगढ़ साहित्य अकादमी के अध्यक्ष शशांक शर्मा, फिल्म विकास निगम की अध्यक्ष मोना सेन, बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष डॉ. वर्णिका शर्मा, केश शिल्पी कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष गौरीशंकर श्रीवास एवं संस्कृति व राजभाषा विभाग के संचालक डॉ. संजय कन्नौजे के आतिथ्य में संपन्न होगा।
चार सत्रों में बिखरेगा हुनर
कार्यक्रम को चार सत्रों में विभाजित किया गया है। पहले सत्र ‘हुनर के मंच’ में प्रदेश की युवा प्रतिभाओं को अपनी कला दिखाने का अवसर मिलेगा। इसमें आरव शुक्ला, निकिता सिंह, राकेश तिवारी, श्रीया चक्रवर्ती, इरफान खान, असित बरनवाल, पंखुड़ी मिश्रा, मिनेश साहू, योगिता साहू, सना तमकीन, दिव्या वर्मा कीर्ति और रिकी बिंदास अपनी प्रस्तुति देंगे।
दूसरे सत्र ‘गीत त्रिवेणी’ में त्रिभाषा काव्य का संगम देखने को मिलेगा। गोपालगंज से कवयित्री सान्या राय हिंदी, सीतामढ़ी से गीतकार मुरारी मंडल उर्दू और रायपुर से गीतकार भरत द्विवेदी छत्तीसगढ़ी रचनाओं से श्रोताओं को भावविभोर करेंगे।
इसके बाद सम्मान समारोह में आमंत्रित कलाकारों और अतिथियों का सम्मान किया जाएगा। अंतिम सत्र लोक गायन का होगा, जिसमें जांजगीर से आ रहे सुप्रसिद्ध युवा गायक नीलेश जोगी एवं साथी कलाकार लोक संगीत व अन्य विधाओं पर आधारित भावपूर्ण प्रस्तुति देंगे।
