
रायपुर में हाई क्वालिटी ‘ओजी गांजा’ सप्लाई करने वाला आरोपी गिरफ्तार, लाखों का सामान जब्त
रायपुर। राजधानी में युवाओं को हाई क्वालिटी ‘ओजी गांजा’ सप्लाई करने वाले एक आरोपी को सिविल लाइन थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से ओजी गांजा, सामान्य गांजा, इलेक्ट्रॉनिक तराजू और मोबाइल सहित अन्य सामान बरामद किया गया है।
दिल्ली निवासी आरोपी शंकर नगर में किराए से रह रहा था
पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान दिल्ली ईस्ट निवासी रितिक पसरिचा (26) के रूप में हुई है। वह रायपुर के शंकर नगर स्थित अशोका हाइट्स में किराए के मकान में रह रहा था। आरोपी पेशे से सिंगर बताया जा रहा है और इसी आड़ में हाई प्रोफाइल लोगों को गांजा सप्लाई करता था।
कटोरा तालाब में सप्लाई के दौरान पकड़ा गया
शनिवार को आरोपी कटोरा तालाब क्षेत्र में हाई क्वालिटी गांजा की सप्लाई करने पहुंचा था। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर उसे दबोच लिया। तलाशी के दौरान उसके बैग से 114 ग्राम ओजी (ओसियन ग्रोथ) गांजा, 2.87 किलो सामान्य गांजा सहित अन्य सामग्री बरामद की गई। जब्त सामान की कीमत करीब 3.62 लाख रुपए आंकी गई है।
ओजी गांजा की अंतरराष्ट्रीय बाजार में ऊंची कीमत
पुलिस अधिकारियों के अनुसार ओजी ग्रेड गांजा हाइड्रोपोनिक तकनीक से तैयार किया जाता है, जिसमें मिट्टी का उपयोग नहीं होता और इसे पानी में पोषक तत्वों के साथ उगाया जाता है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत करीब 1 करोड़ रुपये प्रति किलो तक बताई जाती है, जिससे यह तस्करों के लिए अत्यधिक मुनाफे का जरिया बन गया है।
लंबे समय से सक्रिय नेटवर्क की आशंका
पूछताछ में आरोपी ने हाल ही में गांजा बेचने की बात स्वीकार की है, लेकिन पुलिस का मानना है कि वह लंबे समय से तस्करी के नेटवर्क से जुड़ा हुआ है। पुलिस अब उसके अन्य साथियों और नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है।
रायपुर में पहली बार ओजी गांजा जब्त
पुलिस के अनुसार रायपुर में पहली बार ओजी गांजा की जब्ती हुई है। इससे पहले दुर्ग जिले में इस प्रकार के गांजे की कार्रवाई की जा चुकी है।
पुलिस ने बताया—नेटवर्क का किया जा रहा खुलासा
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त तारकेश्वर पटेल ने बताया कि आरोपी को गांजा के साथ गिरफ्तार किया गया है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि उसका एक साथी दिल्ली से कुरियर के माध्यम से गांजा सप्लाई करता था। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है और जल्द ही गिरफ्तारी की संभावना है।


