रायपुर : संत रविदास जयंती पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की बड़ी घोषणाएं, माघ पूर्णिमा पर रहेगा सरकारी अवकाश

संत रविदास के नाम पर राज्य अलंकरण पुरस्कार और नया रायपुर में चौक का होगा नामकरण

रायपुर। संत शिरोमणि गुरु रविदास की 650वीं जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में सोमवार को रायपुर स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में प्रदेश स्तरीय कलश वंदन अभियान का शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने संत रविदास के सम्मान में कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।

मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि माघ पूर्णिमा के अवसर पर अब छत्तीसगढ़ में सरकारी अवकाश रहेगा। साथ ही इस दिन पूरे प्रदेश में मदिरा (शराब) का विक्रय भी बंद रहेगा।

मुख्यमंत्री ने यह भी घोषणा की कि राज्य अलंकरण सम्मान में संत रविदास के नाम पर एक नया पुरस्कार शुरू किया जाएगा। इसके अलावा नया रायपुर में एक प्रमुख चौक का नाम भी संत रविदास के नाम पर रखा जाएगा।

उन्होंने कहा कि संत रविदास के विचारों और संदेशों को विधानसभा परिसर में अंकित कराने के लिए विधानसभा अध्यक्ष से आग्रह किया जाएगा, ताकि आने वाली पीढ़ियां उनके आदर्शों से प्रेरणा ले सकें।

मुख्यमंत्री ने बताया कि संत रविदास की 650वीं जयंती वर्ष के तहत आयोजित कार्यक्रमों का सिलसिला फरवरी 2027 तक पूरे प्रदेश में जारी रहेगा।

Back to top button