रेत तस्करी विवाद में पूर्व जनपद उपाध्यक्ष की जिंदा जलाकर हत्या, शिक्षक भाई की भी मौत

कोरिया जिले के सोनहत क्षेत्र में सनसनीखेज वारदात, कई लोग झुलसे, जांच में जुटी पुलिस

कोरिया। छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले में रेत तस्करी के विवाद ने खूनी रूप ले लिया। सोनहत थाना क्षेत्र के नौगई गांव में पूर्व जनपद पंचायत उपाध्यक्ष और भाजपा नेता भरत सिंह उर्फ लल्ला सिंह की कथित रूप से जिंदा जलाकर हत्या कर दी गई। घटना में गंभीर रूप से झुलसे उनके भाई नागेंद्र सिंह की भी उपचार के दौरान मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायलों को रायपुर रेफर किया गया है।

घर के सामने हुई वारदात

जानकारी के अनुसार नौगई गांव में रेत घाट संचालन और रेत परिवहन को लेकर दो पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। सोमवार देर रात विवाद ने हिंसक रूप ले लिया।

बताया जा रहा है कि देर रात कुछ लोग भरत सिंह के घर के सामने पहुंचे और विवाद के बाद उनकी फॉर्च्यूनर वाहन को रोक लिया। आरोप है कि वाहन पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी गई। उस समय वाहन में भरत सिंह, उनके भाई शिक्षक नागेंद्र सिंह सहित अन्य लोग सवार थे।

भागने का मौका नहीं मिला

प्रत्यक्षदर्शियों और प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग लगने के बाद वाहन सवार लोगों ने बचने का प्रयास किया, लेकिन वे गंभीर रूप से झुलस गए। भरत सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल नागेंद्र सिंह को अंबिकापुर ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उन्होंने भी दम तोड़ दिया।

घटना में घायल वीरू सिंह और एक अन्य व्यक्ति को बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया है।

रेत घाट विवाद से जुड़ा मामला

स्थानीय सूत्रों के अनुसार रेत घाट संचालन को लेकर दोनों पक्षों के बीच पिछले कुछ समय से विवाद चल रहा था। दो दिन पहले भी इस मामले को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई थी।

पुलिस यह भी जांच कर रही है कि वारदात के पीछे रेत कारोबार का विवाद ही मुख्य कारण है या इसके पीछे अन्य वजहें भी हैं।

आईजी ने किया घटनास्थल का निरीक्षण

घटना की गंभीरता को देखते हुए सरगुजा रेंज के आईजी दीपक झा देर रात कोरिया पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और प्रशासनिक अमला मौके पर मौजूद है।

पुलिस ने कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।

क्षेत्र में तनाव का माहौल

दो लोगों की मौत के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति है। एहतियात के तौर पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Back to top button