ललितपुर में सड़क हादसे में घायल हुए छत्तीसगढ़ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव
बागेश्वर धाम से लौटते समय खड़े ट्रक से टकराई कार, कूल्हे में फ्रैक्चर; हालत स्थिर
ललितपुर/रायपुर। छत्तीसगढ़ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव बुधवार दोपहर उत्तर प्रदेश के ललितपुर जिले में हुए एक सड़क हादसे में घायल हो गए। वे परिवार के साथ मध्य प्रदेश के बागेश्वर धाम और अन्य धार्मिक स्थलों के दर्शन कर रायपुर लौट रहे थे। हादसे में उनकी कार राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर खड़े ट्रक से टकरा गई। उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां उनकी हालत स्थिर बताई गई है।
कार अनियंत्रित होकर ट्रक से टकराई
जानकारी के अनुसार, दोपहर करीब 3:30 बजे तालबेहट क्षेत्र में सामने से आ रही एक तेज रफ्तार कार के अचानक कट मारने पर चालक ने बचाव का प्रयास किया। इसी दौरान वाहन अनियंत्रित होकर हाईवे किनारे खड़े ट्रक के पीछे जा टकराया। टक्कर इतनी तेज थी कि इनोवा कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
कूल्हे में फ्रैक्चर, विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में इलाज
झांसी मेडिकल कॉलेज के चिकित्सकों के अनुसार, किरण सिंह देव के शरीर पर बाहरी गंभीर चोट नहीं है, लेकिन कमर और पैर में अंदरूनी चोटें आई हैं। जांच में कूल्हे में फ्रैक्चर की पुष्टि हुई है। उनका सीटी स्कैन सहित अन्य परीक्षण कराया गया है और ऑर्थोपेडिक्स, मेडिसिन, न्यूरोसर्जरी तथा कार्डियोलॉजी विभाग के विशेषज्ञ डॉक्टर उनकी निगरानी कर रहे हैं।
पत्नी और बेटी सुरक्षित
हादसे के समय कार में उनकी पत्नी रीना सिंह देव, बेटी आयुषी, चालक, पीएसओ और पीए भी मौजूद थे। परिवार के सभी सदस्य सुरक्षित हैं, जबकि चालक और अन्य स्टाफ को मामूली चोटें आई हैं।
बेहतर इलाज के लिए किया जा सकता है रेफर
अस्पताल प्रशासन के अनुसार, किरण सिंह देव की स्थिति फिलहाल स्थिर है। आवश्यक चिकित्सकीय देखरेख जारी है और उन्हें बेहतर इलाज के लिए उच्च चिकित्सा केंद्र अथवा छत्तीसगढ़ ले जाने पर भी विचार किया जा रहा है।


