लाखों की गबन कर फरार ऑटोमोबाइल मैनेजर गिरफ्तार


शिव शक्ति स्टील प्लांट में किराया राशि हड़पने का मामला, लंबे समय से फरार था आरोपी
 मध्यप्रदेश के सिंगरौली से गिरफ्तार, नगदी व मोबाइल जब्त — न्यायिक रिमांड पर भेजा गया
रायगढ़, 10 अप्रैल., आपकी आवाज सीजी : “ऑपरेशन तलाश” के तहत थाना चक्रधरनगर पुलिस को एक और महत्वपूर्ण सफलता मिली है। पुलिस टीम ने शिव शक्ति स्टील प्लांट में लाखों रुपये का गबन कर फरार चल रहे ऑटोमोबाइल एक्जीक्यूटिव मैनेजर मनीष कुमार शर्मा को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थी विपुल माली (निवासी चिडीपाल कॉलोनी, बोईरदादर) द्वारा 3 सितंबर 2025 को थाना चक्रधरनगर में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। रिपोर्ट में बताया गया कि आरोपी मनीष कुमार शर्मा, जो शिव शक्ति स्टील प्लांट में ऑटोमोबाइल एक्जीक्यूटिव मैनेजर के पद पर कार्यरत था, को कंपनी के वाहनों की देखरेख एवं ट्रांसपोर्टरों के माध्यम से संचालन कर किराया वसूली की जिम्मेदारी दी गई थी।
आरोपी ने 1 अप्रैल 2025 से 30 जून 2025 के बीच वाहनों से प्राप्त किराया कंपनी में जमा न कर अपने बैंक खाते एवं नगद के रूप में रख लिया, जिससे कंपनी को लगभग ₹11,35,861 का नुकसान हुआ।
इसके अलावा, आरोपी द्वारा ट्रांसपोर्टरों को कंपनी के वाहनों को अन्य के नाम पर चलवाकर फर्जी बिल्टी तैयार कर धोखाधड़ी भी की गई। इस संबंध में थाना चक्रधरनगर में अपराध क्रमांक 396/2025, धारा 316(4), 318(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई थी।
मामला दर्ज होने के बाद से आरोपी फरार चल रहा था और गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार स्थान बदल रहा था।
 तकनीकी जांच से मिली सफलता
“ऑपरेशन तलाश” के तहत थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश मिश्रा द्वारा पुनः तकनीकी विश्लेषण कर आरोपी की लोकेशन ट्रेस की गई, जिसमें उसके मध्यप्रदेश के सिंगरौली में छिपे होने की जानकारी मिली। इसके बाद साइबर सेल एवं चक्रधरनगर पुलिस की संयुक्त टीम गठित कर सिंगरौली भेजी गई, जहां से आरोपी को गिरफ्तार कर रायगढ़ लाया गया।
पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार किया। उसके पास से ₹800 नगद एवं सैमसंग गैलेक्सी A15 5G मोबाइल फोन जब्त किया गया।
आरोपी मनीष कुमार शर्मा (निवासी मखदुमपुर, थाना कोंच, जिला गया, बिहार) को न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
‍♂️ कार्रवाई में शामिल टीम
इस कार्रवाई में एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह के निर्देशन तथा एडिशनल एसपी श्री अनिल कुमार सोनी एवं सीएसपी श्री मयंक मिश्रा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी चक्रधरनगर निरीक्षक राकेश मिश्रा, साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक विजय चेलक, उप निरीक्षक गेंद लाल साहू एवं आरक्षक धनंजय कश्यप की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
 एसएसपी का संदेश
“ऑपरेशन तलाश के तहत फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान लगातार जारी है। अपराध कर कानून से बचने का प्रयास करने वाले किसी भी आरोपी अधिक समय तक नहीं बच सकते।”

Back to top button