
विश्व पर्यावरण दिवस पर MSP में वृक्षारोपण, कर्मचारियों ने दोहराया ‘एक पेड़ माँ के नाम’ का संकल्प
रायगढ़। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर रायगढ़ स्थित एमएसपी स्टील एंड पावर लिमिटेड में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान कंपनी के अधिकारियों और कर्मचारियों ने ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प दोहराया।
कार्यक्रम के तहत उद्योग परिसर के साथ-साथ आसपास के स्कूलों और आमजन के बीच पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के प्रयास किए गए। स्कूली बच्चों के लिए पर्यावरण विषयक स्लोगन, प्रश्नोत्तरी एवं पेंटिंग प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।

कंपनी के प्रेसीडेंट वीरसेन सिंह ने पर्यावरण संरक्षण के विभिन्न पहलुओं पर प्रकाश डालते हुए कार्बन डाइऑक्साइड उत्सर्जन में निरंतर कमी लाने की आवश्यकता पर जोर दिया। वहीं आनंद तिवारी और अक्षय बारिक ने बढ़ते प्लास्टिक प्रदूषण से बचाव तथा छोटे-छोटे व्यक्तिगत प्रयासों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण में योगदान देने की अपील की।
कार्यक्रम में आयोजित प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कृत किया गया। विशेष रूप से स्कूली बच्चों का उत्साहवर्धन किया गया, जिन्हें भविष्य की पीढ़ी का प्रतिनिधि बताया गया।
पर्यावरण विभाग प्रमुख डॉ. संजय परिहार ने संस्थान द्वारा पिछले वर्षों में किए गए पर्यावरण संरक्षण संबंधी कार्यों और भविष्य की योजनाओं की जानकारी दी।
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने प्रतिवर्ष कम से कम एक पौधा लगाने का संकल्प लिया तथा ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान को आगे बढ़ाने का संदेश दिया।



