
शासकीय कार्य में लापरवाही पर ग्राम पंचायत सचिव निलंबित
सारंगढ़-बिलाईगढ़, 22 मई 2026। कलेक्टर पदमिनी भोई साहू ने शासकीय कार्य में लापरवाही बरतने वाले ग्राम पंचायत सचिव के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए तत्काल निलंबन के निर्देश दिए हैं।
धरती आबा शिविर में मिली शिकायत
कलेक्टर पदमिनी भोई साहू बिलाईगढ़ ब्लॉक के ग्राम पंचायत परसापाली में आयोजित धरती आबा शिविर में शामिल हुईं। इस दौरान ग्राम पंचायत के सरपंच एवं पंचों ने ग्राम पंचायत सचिव सुदर्शन हिरवानी के खिलाफ गंभीर शिकायत प्रस्तुत की।
शिकायत में बताया गया कि सचिव ग्राम पंचायत में नियमित रूप से उपस्थित नहीं रहते, आम नागरिकों के आवेदन लेने पंचायत कार्यालय नहीं आते, जन्म-मृत्यु पंजीयन कार्य नहीं कर रहे हैं तथा शासकीय कार्यों में लगातार लापरवाही बरत रहे हैं।
कलेक्टर के निर्देश पर तत्काल निलंबन
मामले को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सारंगढ़-बिलाईगढ़ इन्द्रजीत बर्मन द्वारा सचिव सुदर्शन हिरवानी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।
निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय जनपद पंचायत बिलाईगढ़ कार्यालय निर्धारित किया गया है।


