शिव मंदिर में भव्य डोमशेड लोकार्पण, महाशिवरात्रि पर उमड़ा आस्था का सैलाब

किरंदुल= लौहनगरी किरंदुल में महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर आस्था, उत्साह और जनसमर्थन का अद्भुत संगम देखने को मिला। वार्ड क्रमांक 10 स्थित थाना परिसर के शिव मंदिर में नवनिर्मित डोमशेड का भव्य लोकार्पण नगर पालिका परिषद किरंदुल की अध्यक्ष रूबी शैलेन्द्र सिंह के करकमलों द्वारा विधिवत पूजा-अर्चना एवं वैदिक मंत्रोच्चार के बीच संपन्न हुआ।

लोकार्पण समारोह में किरंदुल पुलिस थाना के थाना प्रभारी, संजय यादव,नगर पालिका उपाध्यक्ष बबलू सिद्दकी, पार्षदगण — लक्ष्मी ठाकुर, यशोदा चुन्नम, बी. रूपा रानी, लीना सोनी, बालसिंह कश्यप सहित बड़ी संख्या में अधिकारी-कर्मचारी, मंदिर समिति के सदस्य, वार्डवासी एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे। पूरे परिसर में “हर हर महादेव” के जयघोष से वातावरण भक्तिमय हो उठा।

श्रद्धालुओं को मिली बड़ी राहत

नवनिर्मित डोमशेड के निर्माण से अब मंदिर में दर्शन-पूजन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को धूप, वर्षा और अन्य प्रतिकूल मौसम से राहत मिलेगी। विशेषकर महाशिवरात्रि, सावन माह, रुद्राभिषेक और अन्य धार्मिक आयोजनों में अब व्यवस्था और अधिक सुचारु व सुव्यवस्थित रहेगी।

अध्यक्ष का वक्तव्य

इस अवसर पर अध्यक्ष रूबी शैलेन्द्र सिंह ने कहा कि नगर के विकास के साथ-साथ धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों का संरक्षण परिषद की प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं की लंबे समय से चली आ रही मांग आज पूरी हुई है और भविष्य में भी जनभावनाओं का सम्मान करते हुए ऐसे कार्य निरंतर किए जाएंगे।

महा भंडारे में उमड़ी भीड़

महाशिवरात्रि के शुभ अवसर पर किरंदुल पुलिस थाना की ओर से विशाल महा भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ अर्जित किया।

कार्यक्रम के अंत में स्थानीय नागरिकों एवं मंदिर समिति द्वारा नगर पालिका परिषद के प्रति आभार व्यक्त किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button