संगीत विवि में रंगमंडल का उद्घाटन : रंगमंडल कलाकारों की प्रतिभा निखारने में सहायक होगा : राज्यपाल
खैरागढ़। छत्तीसगढ़ के खैरागढ़ में स्थित विश्वविख्यात संगीत विश्वविद्यालय के थियेटर विभाग द्वारा नवगठित रंगमंडल का उद्घाटन करने विवि पहुँची राज्यपाल अनसुईया उइके ने कहा कि, रंगमंडल के माध्यम से इससे जुड़े छात्र-छात्राओं के अलावा हर कलाकार को अपनी प्रतिभा निखारने का मौका मिलेगा। संगीत विवि के कैम्पस दो स्थित प्रेक्षागृह में आयोजित कार्यक्रम में राज्यपाल उइके ने कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया। राज्यपाल उइके ने इस दौरान नाटय विभाग रंगमंडल के गठन की औपचारिक घोषणा करते हुए कहा कि संगीत विवि में नवाचार के रूप में रंगमंडल का शुभारंभ करते हुए उन्हें खुशी हो रही है। राज्यपाल और विवि की कुलाधिपति उइके ने कहा कि कला संगीत साधकों के बीच आने से उन्हें सुखद अनुभूति होती है। अलग आनंद भी आता है। रंगमंच अभिव्यक्ति का सबसे प्राचीनतम माध्यम है, जिससे अपनी बात समाज तक आसानी से पहुँचाया जा सकता है। रंगमंडल का शुभारंभ होने पर संगीत विवि के नाटय विभाग की सराहना करते हुए राज्यपाल उइके ने कहा कि विद्यार्थियों के कौशल विकास, आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में यह बेहतर प्रयास होगा और यह अनुपम उदाहरण बनेगा।
खुद के बनाए रंगमंच को किया याद कार्यक्रम में अपने संबोधन के दौरान राज्यपाल उइके ने खुद के कालेज जीवन में सक्रियता से किए गए सामाजिक कार्यों को भी याद किया। उनहोंने बताया कि कालेज की पढ़ाई के दौरान अपने निवास छिंदवाड़ा में अपने कक्षा के साथियों के साथ उनहोंने रंगमंच का निर्माण किया था, ताकि बेहतर कलाकारों को उनकी प्रतिभा निखारने का अवसर मिले और प्रतिभा का मंचन बेहतर ढंग से प्रदेश, देश और दुनिया में सफल हो सके। उइके ने इस दौरान खुद के भी एक नाटक के मंचन में शामिल होने की बात भी बताई। उन्होंने भी मालकिन की भूमिका अदा की थी। आज इस दौर में रंगमंडल के गठन से उनकी पुरानी यादें ताजा हो गईं। जो अब कला को निखारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
राजकीय गीत अरपा-पैरी के धार का भरतनाट्यम में मंचन राज्यपाल अनसुइया उइके के उद्बोधन के बाद संगीत विवि के भरतनाटयम के छात्र-छात्राओं ने प्रदेश के राजकीय गीत अरपा पैरी के धार की भरतनाटयम में प्रस्तुति देकर उपस्थित लोगों का दिल जीता। कोरोना नियमों का अनिवार्य पालन करें : राज्यपाल कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल और कुलाधिपति अनसुईया उइके नें सभी से कोरोना गाइडलाइन का पूर्णत पालन करने कहा।












