संजय मार्केट में निगम का सख्त एक्शन, 20 दुकानदारों पर 22,500 रुपये का जुर्माना
रायगढ़। नगर पालिक निगम रायगढ़ ने शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने और यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के उद्देश्य से संजय मार्केट में विशेष अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान सार्वजनिक सड़क पर सामान रखकर आवागमन बाधित करने वाले 20 दुकानदारों पर कुल 22,500 रुपये का जुर्माना लगाया गया।
सड़क से हटवाया गया सामान
निगम की टीम ने अभियान के दौरान दुकानों के बाहर रखे सामान को हटवाया। निगम का कहना है कि सड़क पर अतिक्रमण के कारण न केवल यातायात प्रभावित हो रहा था, बल्कि मुख्य नालों की सफाई में भी बाधा उत्पन्न हो रही थी।
20 प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई
कार्रवाई के तहत विभिन्न प्रतिष्ठानों पर 500 रुपये से लेकर 2,000 रुपये तक का जुर्माना लगाया गया। इनमें अलिना फुटवियर, दिलावर शूज, क्वालिटी स्टोर, सुरेश गारमेंट, सहेली ड्रेसेज, शूज हाउस, चांद शूज, अंकित सेल, बॉम्बे फैशन बाजार, गुजराल मेडिकल, गैलेक्सी बैग, ग्रैंड शूज, सुहैल बैग, बबल्स, सुहागन और अनुपम इलेक्ट्रॉनिक सहित कुल 20 प्रतिष्ठान शामिल हैं।
अतिक्रमण हटाने की अपील
नगर निगम आयुक्त बृजेश सिंह क्षत्रिय ने कहा कि सार्वजनिक सड़क पर सामान रखकर आवागमन बाधित करना नियमों का उल्लंघन है। इससे नालों की सफाई भी प्रभावित होती है और बारिश के दौरान जल निकासी में परेशानी आती है।
उन्होंने व्यापारियों से स्वेच्छा से अतिक्रमण हटाकर निगम के अभियान में सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि शहर को व्यवस्थित और स्वच्छ बनाए रखने के लिए इस तरह की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।



