सक्ती वेदांता पावर प्लांट हादसा: 9 मजदूरों की मौत, 50 से अधिक घायल

सक्ती। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले स्थित वेदांता पावर प्लांट में मंगलवार दोपहर हुए भीषण बॉयलर ब्लास्ट में 9 मजदूरों की मौत हो गई, जबकि 50 से अधिक लोग घायल हो गए हैं। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।


अचानक हुआ ब्लास्ट, मची अफरा-तफरी

जानकारी के अनुसार, सिंघीतराई स्थित प्लांट में दोपहर करीब 2 बजे अचानक बॉयलर में विस्फोट हो गया। बताया जा रहा है कि ट्यूब फटने के कारण यह हादसा हुआ। घटना के तुरंत बाद पुलिस, दमकल और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए।


घायलों का इलाज जारी

हादसे में घायल कई मजदूरों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। कुछ गंभीर घायलों का उपचार खरसिया स्थित अस्पताल में जारी है। डॉक्टरों की टीम लगातार मरीजों की निगरानी कर रही है।


मौत का आंकड़ा बढ़ने की आशंका

अधिकारियों के अनुसार, कुछ मजदूर अभी भी अंदर फंसे हो सकते हैं और राहत-बचाव कार्य जारी है। ऐसे में मृतकों और घायलों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।


मुख्यमंत्री ने जताया दुख

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई है। उन्होंने कहा कि मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।


दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई

श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन ने भी हादसे पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि जिम्मेदार लोगों के खिलाफ श्रम कानूनों के तहत कार्रवाई की जाएगी। साथ ही घायलों और मृतकों के परिजनों को मुआवजा देने की घोषणा की गई है।


Back to top button