सहकारी समितियों और खाद दुकानों का औचक निरीक्षण, दो दुकानों को नोटिस जारी

सारंगढ़-बिलाईगढ़, 22 मई 2026। कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू के निर्देश और उप संचालक कृषि आशुतोष श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में गुरुवार को जिले के विभिन्न सहकारी समितियों और निजी खाद विक्रय केंद्रों का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण कार्रवाई उर्वरक निरीक्षक जयप्रकाश गुप्ता, मायाशंकर जोल्हे और बीटीएम जुगेश्वर पटेल द्वारा की गई।


किसानों को संतुलित खाद उपयोग की दी गई सलाह

निरीक्षण के दौरान सहकारी समितियों को खाद एवं बीज अनुशंसित मात्रा में वितरित करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने समितियों में मौजूद किसानों को संतुलित मात्रा में खाद उपयोग करने और समय पर खाद उठाव करने की सलाह भी दी।


इन केंद्रों का किया गया निरीक्षण

विकासखंड सारंगढ़ अंतर्गत मेसर्स सेवा सहकारी समिति कोसीर, साहू कृषि केन्द्र मल्दा अ, गीता ट्रेडर्स, चन्द्रा कृषि केन्द्र जशपुर और दिलीप ट्रेडर्स हरदी का निरीक्षण किया गया।


एफसीओ नियम उल्लंघन पर दो दुकानों को नोटिस

निरीक्षण के दौरान कुछ निजी संस्थाओं द्वारा उर्वरक नियंत्रण आदेश (FCO) के नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर कार्रवाई की गई। मेसर्स दिलीप ट्रेडर्स हरदी और साहू कृषि केन्द्र मल्दा अ को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।

Back to top button