सारंगढ़-बिलाईगढ़ : 5.85 किलो गांजा के साथ दो आरोपी गिरफ्तार, बाइक समेत 3.10 लाख की संपत्ति जब्त
सारंगढ़-बिलाईगढ़, 9 अक्टूबर 2026। जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) और सलिहा थाना पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 5.850 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। तस्करी में इस्तेमाल मोटरसाइकिल सहित जब्त संपत्ति की कुल कीमत करीब 3 लाख 10 हजार रुपये बताई गई है।
वाहन जांच के दौरान पकड़ा गया आरोपी
पुलिस के अनुसार, 8 अक्टूबर को ANTF टीम और सलिहा थाना पुलिस संयुक्त रूप से वाहन जांच कर रही थी। इसी दौरान बसना से सलिहा की ओर आ रही हीरो HF डीलक्स मोटरसाइकिल क्रमांक CG 06 GG 8327 को रोककर तलाशी ली गई।
जांच के दौरान मोटरसाइकिल चालक सुशील कुमार साव (28 वर्ष), निवासी ग्राम कुदारीबाहरा कटेल, थाना बसना, जिला महासमुंद के कब्जे से 5.850 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।
पूछताछ के बाद दूसरा आरोपी भी गिरफ्तार
पुलिस ने मामले में पूछताछ और सुशील कुमार साव से मिली जानकारी के आधार पर दूसरे आरोपी विजय साव (35 वर्ष), निवासी ग्राम कदारीबाहरा, थाना बसना, जिला महासमुंद को भी गिरफ्तार किया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश किया।
बाइक समेत 3.10 लाख रुपये की संपत्ति जब्त
इस कार्रवाई में पुलिस ने 5.850 किलोग्राम गांजा और तस्करी में इस्तेमाल मोटरसाइकिल जब्त की है। पुलिस के मुताबिक, जब्त संपत्ति की कुल कीमत लगभग 3.10 लाख रुपये है।
पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरेन्द्र कुमार पटेल और एसडीओपी बिलाईगढ़ दीपिका मिंज के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। पुलिस ने कहा है कि जिले में मादक पदार्थों की अवैध तस्करी के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।
