सारंगढ़ : संभाग स्तरीय फुटबॉल एवं सॉफ्टबॉल प्रतियोगिता संपन्न, रायगढ़ और मुंगेली का शानदार प्रदर्शन

फुटबॉल पुरुष वर्ग में रायगढ़ बना चैंपियन, महिला वर्ग में कोरबा विजेता, सॉफ्टबॉल में मुंगेली ने दोनों वर्गों में बाजी मारी

सारंगढ़। खेलभाटा स्टेडियम में स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित संभाग स्तरीय फुटबॉल एवं सॉफ्टबॉल प्रतियोगिता का सफल समापन हुआ। प्रतियोगिता में बिलासपुर संभाग के आठ जिलों के खिलाड़ियों ने भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

फुटबॉल प्रतियोगिता के पुरुष वर्ग के फाइनल में रायगढ़ ने बिलासपुर को 1-0 से हराकर खिताब अपने नाम किया। वहीं महिला वर्ग के फाइनल में कोरबा ने शक्ति को पराजित कर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।

सॉफ्टबॉल प्रतियोगिता में पुरुष और महिला दोनों वर्गों में मुंगेली जिले ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया।

प्रतियोगिता में बिलासपुर, कोरबा, जांजगीर-चांपा, मुंगेली, पेंड्रा, शक्ति, रायगढ़ और सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले की टीमों ने हिस्सा लिया। फुटबॉल मुकाबलों में रेफरी की जिम्मेदारी त्रिलोक मैत्री, दिलीप यादव और पीटीआई रमीज राजा ने निभाई।

जिला क्रीड़ा अधिकारी कौशल ठेठवार ने आयोजन की सफलता के लिए जिला प्रशासन, खेल विभाग, शिक्षा विभाग, खेल प्रशिक्षकों, खिलाड़ियों, खेल संघों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि इस प्रतियोगिता के माध्यम से संभाग स्तरीय टीम का चयन किया गया है। साथ ही उन्होंने जानकारी दी कि अक्टूबर माह में सारंगढ़ जिले में पांच संभागों की राज्य स्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी।

वरिष्ठ खिलाड़ी एवं खेल संघ के अध्यक्ष गोल्डी नायक ने प्रतियोगिता की सराहना करते हुए कहा कि सारंगढ़ लंबे समय से फुटबॉल की समृद्ध परंपरा वाला क्षेत्र रहा है और जिले का ‘खेलो इंडिया’ योजना में चयन होना खिलाड़ियों के लिए गौरव की बात है। उन्होंने खिलाड़ियों से निरंतर मेहनत कर राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के अंत में सहायक जिला क्रीड़ा अधिकारी फकीरा यादव ने सभी खेल प्रशिक्षकों, खिलाड़ियों, अधिकारियों, पत्रकारों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। प्रतियोगिता के सफल आयोजन में जिला खेल विभाग, शिक्षा विभाग और विभिन्न खेल प्रशिक्षकों का विशेष योगदान रहा।

Back to top button