सावित्री नगर कॉलोनी में धूमधाम से संपन्न हुई श्री जगन्नाथ रथयात्रा, ‘छेरा पहरा’ की रस्म के साथ निकले भगवान

रायगढ़: सावित्री नगर कॉलोनी में गुरुवार को भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा का पर्व अत्यंत उत्साह और भक्तिभाव के साथ मनाया गया। जिंदल पावर, तमनार के तत्वावधान में आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया और भगवान के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।

विधि-विधान से हुआ पूजन

उत्सव की शुरुआत दोपहर बाद भगवान बालाजी मंदिर में विधि-विधान से की गई। जिंदल पावर प्लांट के ईडी एंड एचओपी (ED & HOP) जी. वेंकट रेड्डी और उनकी धर्मपत्नी जयसुधा वेंकट रेड्डी ने मुख्य यजमान के रूप में भगवान जगन्नाथ की पूजा-अर्चना की। आचार्य द्वारा संपन्न कराई गई इस पूजा के बाद पारंपरिक ‘छेरा पहरा’ की रस्म निभाई गई, जिसमें श्री रेड्डी दंपती ने स्वयं हाथ में झाड़ू लेकर रथ मार्ग की सफाई की।

रथारूढ़ हुए प्रभु जगन्नाथ

पूजा-अर्चना के बाद भगवान जगन्नाथ को भक्तिपूर्वक रथ पर विराजमान कराया गया। जैसे ही भगवान जगन्नाथ भक्तों को दर्शन देने के लिए रथ में सवार होकर निकले, कालोनीवासियों और श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। ‘जय जगन्नाथ’ के उद्घोष से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। श्रद्धालु रथ खींचने के लिए आतुर दिखे और श्रद्धा के साथ रथ को आगे बढ़ाया।

आस्था का प्रतीक है रथयात्रा

इस अवसर पर ईडी श्री जी. वेंकट रेड्डी ने कहा कि भगवान जगन्नाथ संपूर्ण जगत के कल्याणकर्ता हैं और हमारी आस्था के प्रमुख केंद्र हैं। उन्होंने कहा, “मान्यता है कि भगवान के दर से कोई भी खाली हाथ नहीं लौटता।” उन्होंने प्रभु जगन्नाथ से समस्त निवासियों की सुख-समृद्धि और मंगल कामना की।
इस भव्य आयोजन में जिंदल पावर प्लांट के वरिष्ठ अधिकारी, कालोनी के निवासी और भारी संख्या में भक्त उपस्थित रहे। रथयात्रा पूरी कॉलोनी का भ्रमण करते हुए प्रभु के जयकारों के साथ संपन्न हुई।

Back to top button