सीतापुर में एक करोड़ की ज्वेलरी चोरी का खुलासा, ओडिशा से 46 लाख के आभूषण बरामद
सरगुजा, 17 अगस्त। सीतापुर थाना क्षेत्र में ज्वेलर्स कारोबारी से करीब एक करोड़ रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषणों से भरा बैग चोरी करने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। साइबर सेल और सीतापुर पुलिस की संयुक्त टीम ने करीब 500 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और दूसरे राज्यों की पुलिस के सहयोग से मामले में शामिल आरोपियों की पहचान की। पुलिस ने ओडिशा स्थित एक आरोपी के घर से करीब 46 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए हैं।
पुलिस के मुताबिक, 26 जुलाई 2026 को अरुणदेव सोनी ने सीतापुर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि हाईस्कूल सीतापुर के पास स्थित उनकी काशी विश्वनाथ ज्वेलर्स दुकान के लिए वह स्कूटी से आभूषण लेकर पहुंचे थे। दुकान के सामने स्कूटी खड़ी कर शटर खोलने के दौरान अज्ञात व्यक्ति स्कूटी में रखा आभूषणों से भरा बैग लेकर फरार हो गया। बैग में करीब एक करोड़ रुपये के सोने-चांदी के आभूषण बताए गए थे।
शिकायत पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 296/2026 के तहत धारा 303(2) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
500 से ज्यादा CCTV फुटेज खंगाले
मामले की जांच के लिए साइबर सेल अंबिकापुर और सीतापुर थाना पुलिस की संयुक्त टीम बनाई गई। पुलिस ने घटनास्थल से लेकर संभावित भागने के रास्तों तक करीब 500 सीसीटीवी फुटेज की जांच की।
फुटेज में दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार संदिग्धों के बैग लेकर भागने की जानकारी सामने आई। इसके बाद पुलिस ने उनके संभावित रूट को ट्रेस करते हुए सरगुजा के गेरसा, जशपुर के कांसाबेल, कुनकुरी और सिंगीबहार के अलावा झारखंड के कुरडेग, खैरनटोली, सिमडेगा तथा ओडिशा के सुंदरगढ़ तक के सीसीटीवी फुटेज खंगाले।
तकनीकी विश्लेषण और फुटेज से मिले सुरागों के आधार पर पुलिस ने दूसरे राज्यों की पुलिस से भी संपर्क किया।
ओडिशा के दो संदिग्धों की पहचान
जांच के दौरान पुलिस ने चांटी दास, निवासी ग्राम सोर्डा, जिला गंजाम और नागेश्वर राव, निवासी नारायणपुर, थाना कोटिनाडा, जिला गंजाम, ओडिशा की पहचान संदिग्ध आरोपियों के रूप में की।
इसके बाद साइबर सेल और सीतापुर पुलिस की टीम ओडिशा पहुंची। स्थानीय पुलिस के सहयोग से करीब 10 दिनों तक लगातार संभावित ठिकानों पर तलाश की गई।
घर में नहीं मिला आरोपी, तलाशी में मिले 46 लाख के जेवर
पुलिस को सूचना मिली कि चांटी दास 16 अगस्त की रात अपने घर पहुंचा था। टीम उसके घर पहुंची तो वहां ताला लगा मिला। नियमानुसार तलाशी लेने पर घर से 300.92 ग्राम सोने के आभूषण बरामद हुए, जिनकी कीमत करीब 43 लाख रुपये बताई गई है।
इसके अलावा 1 किलो 168 ग्राम चांदी के आभूषण, जिनकी कीमत करीब 3 लाख रुपये बताई गई, भी बरामद किए गए। इस तरह पुलिस ने कुल करीब 46 लाख रुपये के आभूषण जब्त किए हैं।
अन्य आरोपियों और बाकी सामान की तलाश जारी
पुलिस के अनुसार, चांटी दास और नागेश्वर राव सहित वारदात में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस चोरी की बाकी संपत्ति बरामद करने के साथ ही पूरे गिरोह की भूमिका की भी जांच कर रही है।
कार्रवाई में साइबर सेल अंबिकापुर और थाना सीतापुर की टीम के साथ थाना मणीपुर तथा ओडिशा पुलिस का भी सहयोग रहा। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक मामले में आगे की जांच और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई जारी है।











