सेवा संकल्प अभियान: खुड़िया रानी धार्मिक स्थल पर सामूहिक स्वच्छता श्रमदान……

खुड़िया रानी धार्मिक स्थल पर विधायक, अधिकारी- कर्मचारी सहित 600 से अधिक लोगों ने किया सामूहिक स्वच्छता श्रमदान

स्वच्छता केवल एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि निरंतर चलने वाला सामूहिक दायित्व: विधायक श्रीमती रायमुनी भगत

जशपुरनगर, 28 सितंबर 2026/ सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत स्वच्छ भारत मिशन के तहत सेवा मेरा योगदान एवं स्वच्छता ही सेवा के तहत बगीचा विकासखंड के प्रसिद्ध धार्मिक एवं दर्शनीय स्थल खुड़िया रानी में सामूहिक स्वच्छता श्रमदान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विधायक श्रीमती रायमुनी भगत, कलेक्टर श्री रोहित व्यास, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह, वनमंडलाधिकारी श्री शशि कुमार, एसडीएम श्री समीर बड़ा सहित जनप्रतिनिधियों, अधिकारी-कर्मचारियों, वन विभाग, राजस्व विभाग, जनपद पंचायत की टीम, खुड़िया रानी सेवा समिति तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने सहभागिता की। कार्यक्रम में 600 से अधिक लोगों ने उत्साहपूर्वक श्रमदान करते हुए स्वच्छता का संदेश दिया।

धार्मिक एवं पर्यटन स्थल की स्वच्छता के लिए किया श्रमदान

सामूहिक श्रमदान के दौरान खुड़िया रानी परिसर, स्थानीय बाजार, पार्किंग स्थल तथा आसपास के क्षेत्रों में व्यापक साफ-सफाई की गई। प्रतिभागियों ने स्वयं श्रमदान करते हुए कचरे को एकत्रित किया और लोगों को सार्वजनिक एवं धार्मिक स्थलों पर स्वच्छता बनाए रखने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान नागरिकों से अपील की गई कि वे पर्यटन एवं धार्मिक स्थलों पर कचरा न फैलाएं और स्वच्छता को अपनी दैनिक आदत का हिस्सा बनाएं। इस अवसर पर विधायक श्रीमती रायमुनी भगत ने कहा कि स्वच्छता केवल एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि निरंतर चलने वाला सामूहिक दायित्व है। खुड़िया रानी क्षेत्र धार्मिक आस्था के साथ-साथ अपनी प्राकृतिक सुंदरता के कारण लोगों के आकर्षण का केंद्र है। ऐसे स्थलों को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे स्वयं स्वच्छता का पालन करने के साथ दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें।

खुड़िया रानी को प्लास्टिक मुक्त बनाने का लिया संकल्प

कार्यक्रम के दौरान खुड़िया रानी धार्मिक एवं दर्शनीय स्थल को प्लास्टिक मुक्त बनाने पर विशेष जोर दिया गया। उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, समिति के सदस्यों एवं स्थानीय नागरिकों ने प्लास्टिक के उपयोग को कम करने, कचरे का उचित निपटान करने तथा परिसर की स्वच्छता बनाए रखने का संकल्प लिया। स्थानीय नागरिकों से विशेष रूप से अपील की गई कि खुड़िया रानी परिसर में प्लास्टिक की सामग्री का उपयोग न करें और अपने साथ लाए कचरे को निर्धारित स्थान पर ही डालें। इससे धार्मिक स्थल की प्राकृतिक सुंदरता और पर्यावरणीय स्वरूप को संरक्षित रखने में मदद मिलेगी।

सामूहिक सहभागिता से ही बनेगा स्वच्छ एवं सुंदर जशपुर

सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से आमजन को यह संदेश दिया गया कि स्वच्छ और सुंदर धार्मिक एवं पर्यटन स्थल केवल प्रशासन के प्रयासों से नहीं, बल्कि जनभागीदारी से ही स्थायी रूप से बनाए रखे जा सकते हैं। अभियान में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों और स्थानीय नागरिकों की सक्रिय सहभागिता ने स्वच्छता के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत किया। कार्यक्रम के दौरान लोगों ने स्वच्छता को अपने व्यवहार का हिस्सा बनाने और खुड़िया रानी की प्राकृतिक एवं धार्मिक महत्ता को बनाए रखने में निरंतर सहयोग करने का संकल्प लिया। सामूहिक श्रमदान के माध्यम से खुड़िया रानी को स्वच्छ, सुंदर और प्लास्टिक मुक्त पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की दिशा में जनभागीदारी का संदेश दिया गया।

Back to top button