सोशल मीडिया पर ‘लड़की’ बनकर युवकों को फंसाने वाला आरोपी गिरफ्तार

*एसपी अंकिता शर्मा की टीम की बड़ी कामयाबी*

[img-slider id="274450"]

राजनांदगांव-
सोशल मीडिया पर महिला बनकर फर्जी पहचान के जरिए युवकों को अपने जाल में फंसाने, पैसों की मांग करने और मना करने पर धमकी व ब्लैकमेलिंग करने वाले एक शातिर साइबर ठग को राजनांदगांव पुलिस ने गिरफ्तार किया है। साइबर थाना और लालबाग पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार थाना लालबाग में दर्ज शिकायत में बताया गया था कि एक अज्ञात व्यक्ति ने लड़की की आवाज में फोन कर एक युवती को उसके पिता के सड़क दुर्घटना में घायल होने की झूठी सूचना दी। जब युवती ने जानकारी को गलत बताया तो आरोपी ने फोन पर अश्लील गाली-गलौज शुरू कर दी। बाद में युवती के पिता से भी आरोपी ने अभद्र व्यवहार करते हुए जान से मारने की धमकी दी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर एवं नगर पुलिस अधीक्षक वैशाली जैन के मार्गदर्शन में साइबर थाना और लालबाग पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई। तकनीकी विश्लेषण, मोबाइल नंबर और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान ग्राम विष्णुपुर, थाना ठेलकाडीह, जिला केसीजी निवासी 22 वर्षीय दीपक कुमार बघेल के रूप में हुई।
जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी इंस्टाग्राम सहित अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर महिलाओं के नाम से फर्जी प्रोफाइल बनाकर युवकों से दोस्ती करता था। बातचीत के दौरान वह खुद को युवती बताकर भरोसा जीतता और फिर पैसों की मांग करता था। पैसे नहीं मिलने पर गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी देने के साथ ही फोटो एडिट कर परिजनों को भेजने की धमकी देकर ब्लैकमेलिंग करता था।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पर्याप्त तकनीकी साक्ष्य जुटाने के बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। इस कार्रवाई में साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक विनय पम्मार, थाना लालबाग प्रभारी निरीक्षक रमेश पटेल सहित साइबर एवं लालबाग थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर किसी भी अनजान व्यक्ति की प्रोफाइल पर आंख बंद कर भरोसा न करें और संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें।

Back to top button