स्टील कंपनी में घुसकर मारपीट, तोड़फोड़ और लूटपाट करने वाले 6 आरोपी गिरफ्तार

रायपुर, 24 मई 2026। रायपुर जिले के तिल्दा-नेवरा क्षेत्र में स्टील कंपनी के कर्मचारियों के साथ मारपीट, कैंटीन में तोड़फोड़ और ट्रक चालकों से लूटपाट करने वाले 6 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया डीजल, नगदी और घटना में इस्तेमाल कार व बाइक भी जब्त की है।


कंपनी परिसर में घुसकर कर्मचारियों से मारपीट

तिल्दा-नेवरा पुलिस के अनुसार 22 मई 2026 को काले रंग की कार और मोटरसाइकिल में सवार आरोपी संभव स्टील एंड ट्यूब लिमिटेड, सरोरा स्थित कंपनी परिसर में जबरन घुस गए।

आरोपियों ने लेबर कॉलोनी और कैंटीन कर्मचारियों के साथ रॉड से मारपीट की और कैंटीन काउंटर में तोड़फोड़ कर दी। इस दौरान मुख्य आरोपी जयमोहन शर्मा उर्फ लक्की शर्मा ने खुद की पहचान बताते हुए कैंटीन संचालन के बदले हर महीने अवैध रकम और शराब के लिए पैसे की मांग की। विरोध करने पर कर्मचारियों के साथ मारपीट की गई।


ट्रक चालकों से लूटपाट

उसी रात आरोपियों ने ग्राम सरोरा रोड स्थित निर्माणाधीन पुलिया के पास दो ट्रकों को ओवरटेक कर रोक लिया। इसके बाद ट्रक चालकों के साथ गाली-गलौज और मारपीट करते हुए जान से मारने की धमकी दी गई।

बदमाशों ने ट्रकों के शीशे तोड़ दिए और करीब 30 लीटर डीजल तथा चालक के पास रखे 25 हजार 500 रुपए लूटकर फरार हो गए।


पुलिस ने ऐसे दबोचे आरोपी

घटना के बाद तिल्दा-नेवरा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। एसपी रायपुर के निर्देशन में गठित विशेष टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी लक्की शर्मा समेत 6 आरोपियों को अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में सभी आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।


ये आरोपी हुए गिरफ्तार

पुलिस ने मामले में लकी उर्फ जयमोहन शर्मा, दिना उर्फ दिनेश माधवनी, विशाल छबलानी, नोहर सिंह रजक उर्फ बूट्टी, दीपक साहू और मोहित उर्फ मोंटी मेहानी को गिरफ्तार किया है।


कार, बाइक और नगदी जब्त

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 30 लीटर डीजल, 12 हजार रुपए नकद, करीब 6 लाख रुपए कीमत की कार और लगभग 1 लाख रुपए कीमत की पल्सर मोटरसाइकिल जब्त की है।

सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर कोर्ट में पेश किया गया है।


पुलिस ने कही सख्त कार्रवाई की बात

डीएसपी ग्रामीण वीरेंद्र चतुर्वेदी ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई की गई। पुलिस ने लूट और रंगदारी के आरोप में 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले में आगे की जांच जारी है।

Back to top button