स्मृति ईरानी का छत्तीसगढ़ दौरा: 2 दिन, 12 बैठकें, संगठन को मिलेगी नई धार

कार्यालय प्रतिनिधि
रायपुर, 25 अक्टूबर: भारतीय जनता पार्टी की वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी दो दिवसीय प्रवास पर छत्तीसगढ़ पहुंची हैं। उनका यह दौरा संगठनात्मक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। दो दिनों में वे कुल 12 बड़ी बैठकों में हिस्सा लेंगी, जिसमें प्रदेश नेतृत्व से लेकर बूथ स्तर तक के समन्वय, आगामी रणनीति और सरकार व संगठन के बीच तालमेल पर गहन मंथन होगा।

पार्टी सूत्रों के अनुसार इस दौरे का मुख्य उद्देश्य संगठन को और अधिक सक्रिय, अनुशासित और चुनावी दृष्टि से मजबूत बनाना है।

पहला दिन – 25 अक्टूबर, रविवार: संगठन की जड़ से संवाद

दौरे की शुरुआत रविवार सुबह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय कार्यक्रम ‘मन की बात’ के श्रवण से होगी। सुबह 11 बजे से 11:30 बजे तक कार्यकर्ताओं के साथ इस कार्यक्रम को सुनने के बाद वे बैठकों के सिलसिले में जुट जाएंगी।

11:30 – 12:30 बजे: प्रदेश अध्यक्ष, संगठन महामंत्री और प्रदेश महामंत्रियों के साथ बंद कमरे में बैठक होगी, जिसमें प्रदेश की वर्तमान राजनीतिक स्थिति और संगठन की कार्ययोजना की समीक्षा होगी।

12:30 – 1:30 बजे: प्रदेश पदाधिकारियों के साथ समीक्षा और रणनीतिक बैठक में आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की जाएगी।

1:30 – 2:30 बजे: संभाग प्रभारी, जिला प्रभारी और जिला अध्यक्षों की संयुक्त बैठक होगी, जिसमें जिलों में चल रहे संगठनात्मक कार्यों का फीडबैक लिया जाएगा।

दोपहर बाद का सत्र और भी महत्वपूर्ण रहेगा।

3:30 – 5:00 बजे: पूर्व विधायकों और पूर्व सांसदों के साथ बैठक में अनुभवी नेताओं के अनुभव का लाभ लिया जाएगा और उनकी भूमिका पर चर्चा होगी।

5:30 – 7:00 बजे: पूर्व प्रदेश पदाधिकारियों के साथ बैठक में संगठन के पुराने कार्यकर्ताओं से संवाद होगा।

7:00 – 8:30 बजे: दिन का समापन भाजपा कोर ग्रुप की बैठक से होगा, जिसमें बड़े निर्णयों पर मंथन होगा।

दूसरा दिन – 26 अक्टूबर, सोमवार: सरकार और संगठन में समन्वय

दूसरे दिन का फोकस सरकार, सांसदों, विधायकों और विभिन्न संस्थाओं के साथ समन्वय पर रहेगा।

10:00 – 11:30 बजे: भाजपा विधायकों के साथ संगठनात्मक चर्चा में जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारियों और जनसंपर्क अभियान पर बात होगी।

11:30 – 12:30 बजे: प्रदेश के पार्टी सांसदों के साथ बैठक में केंद्र और राज्य के समन्वय वाले मुद्दों पर चर्चा होगी।

12:30 – 2:00 बजे: राज्य मंत्रिमंडल के मंत्रियों के साथ बैठक में सरकार की योजनाओं को जनता तक पहुंचाने और संगठन के साथ तालमेल पर मंथन होगा।

3:00 – 4:30 बजे: निगम, मंडल, आयोग और बोर्ड के अध्यक्षों व उपाध्यक्षों के साथ समीक्षा बैठक होगी, जिसमें विभिन्न संस्थाओं के कामकाज का लेखा-जोखा लिया जाएगा।

4:30 – 5:30 बजे: विचार परिवार के प्रमुख पदाधिकारियों और प्रतिनिधियों के साथ संवाद से दौरे का समापन होगा।

क्या है दौरा का मकसद?

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि स्मृति ईरानी का यह दौरा छत्तीसगढ़ भाजपा के लिए एक नई ऊर्जा लेकर आएगा। एक साथ इतने वर्गों से मिलना यह दर्शाता है कि पार्टी संगठन को हर स्तर पर मजबूत करना चाहती है — शीर्ष नेतृत्व से लेकर जमीनी कार्यकर्ता तक।

कार्यकर्ताओं में भी इस दौरे को लेकर काफी उत्साह है। प्रदेश भाजपा कार्यालय में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

Back to top button