हरेली से पहले आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई, 145 लीटर महुआ शराब जब्त
सक्ती के वार्ड नंबर-1 में अवैध शराब बनाने के ठिकाने पर दबिश, 1675 किलो महुआ लाहन मौके पर नष्ट
सक्ती, 11 अगस्त 2026। हरेली पर्व के मद्देनजर अवैध महुआ शराब के निर्माण और बिक्री के खिलाफ आबकारी विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। इसी क्रम में सक्ती शहर के वार्ड नंबर-1 में छोटी नहर किनारे अवैध महुआ शराब निर्माण के ठिकाने पर दबिश देकर विभागीय टीम ने 145 लीटर अवैध महुआ शराब और 1675 किलो महुआ लाहन बरामद किया है।
कलेक्टर अमृत विकास तोपनो एवं जिला आबकारी अधिकारी रत्नेश मरकाम के निर्देश पर जिले में अवैध शराब निर्माण और बिक्री के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत 11 अगस्त को सहायक जिला आबकारी अधिकारी आशीष उप्पल के नेतृत्व में आबकारी वृत्त सक्ती की टीम ने वार्ड नंबर-1 में कार्रवाई की।
गड्ढों में छिपाकर रखा था महुआ लाहन
आबकारी विभाग की टीम ने छोटी नहर के किनारे अलग-अलग स्थानों पर दबिश दी। इस दौरान गड्ढों में छिपाकर रखी गई 85 बोरियां, जिनमें प्रत्येक में करीब 15 किलो महुआ लाहन था, तथा 20 प्लास्टिक डिब्बे, जिनमें प्रत्येक में करीब 20 किलो लाहन रखा गया था, बरामद किए गए।
विभाग के अनुसार कुल 1675 किलो महुआ लाहन बरामद हुआ। इसी लाहन से अवैध रूप से महुआ शराब तैयार किए जाने की तैयारी थी। टीम ने लाहन का आवश्यक सैंपल लिया और शेष लाहन को मौके पर ही नष्ट कर दिया।
145 लीटर तैयार महुआ शराब भी मिली
कार्रवाई के दौरान अलग-अलग बोतलों और प्लास्टिक डिब्बों में भरी हुई 145 लीटर अवैध महुआ मदिरा भी बरामद की गई। आबकारी विभाग ने जब्त शराब और अन्य सामग्री के संबंध में नियमानुसार कार्रवाई शुरू कर दी है।
आशीष उप्पल के नेतृत्व में कार्रवाई
पूरी कार्रवाई सहायक जिला आबकारी अधिकारी आशीष उप्पल एवं आबकारी उपनिरीक्षक घनश्याम प्रधान के नेतृत्व में की गई। टीम में मुख्य आरक्षक आबकारी रघुनाथ पैकरा, आबकारी आरक्षक नवीन मनहर, श्रवण और शुभम सहित आबकारी स्टाफ परस और बसंती चौधरी शामिल रहे।
हरेली पर्व से पहले हुई इस कार्रवाई के बाद अवैध महुआ शराब के निर्माण और बिक्री से जुड़े लोगों पर विभाग की निगरानी और सख्त हो गई है। आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।











