अंबिकापुर-हजरत निजामुद्दीन एक्सप्रेस अब सप्ताह में दो दिन चलेगी, यात्रियों को मिलेगी बड़ी राहत

अंबिकापुर। सरगुजा संभाग और उत्तर छत्तीसगढ़ के रेल यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। भारतीय रेलवे मंत्रालय ने ट्रेन संख्या 22407/22408 अंबिकापुर-हजरत निजामुद्दीन एक्सप्रेस का संचालन साप्ताहिक के बजाय अब द्विसाप्ताहिक (सप्ताह में दो दिन) करने का निर्णय लिया है। इस फैसले का पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने स्वागत करते हुए इसे क्षेत्र के लाखों यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण कदम बताया है।

मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि अंबिकापुर-हजरत निजामुद्दीन एक्सप्रेस उत्तर छत्तीसगढ़ के लोगों के लिए महत्वपूर्ण रेल सेवा है। दिल्ली सहित देश के विभिन्न हिस्सों में शिक्षा, रोजगार, व्यवसाय, चिकित्सा और अन्य कार्यों के लिए बड़ी संख्या में लोग यात्रा करते हैं। लंबे समय से इस ट्रेन की आवृत्ति बढ़ाने की मांग की जा रही थी, जिसे रेलवे मंत्रालय ने स्वीकार किया है।

उन्होंने कहा कि सप्ताह में दो दिन ट्रेन संचालन होने से यात्रियों को अधिक विकल्प मिलेंगे। इसका लाभ विद्यार्थियों, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं, व्यापारियों, नौकरीपेशा लोगों और इलाज के लिए बड़े शहरों में जाने वाले मरीजों को मिलेगा। इससे प्रतीक्षा सूची का दबाव भी कम होने की संभावना है और दिल्ली सहित अन्य प्रमुख शहरों से क्षेत्र की रेल कनेक्टिविटी मजबूत होगी।

मंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार दूरस्थ क्षेत्रों को बेहतर परिवहन सुविधाओं से जोड़ने की दिशा में लगातार काम कर रही है। रेलवे के आधुनिकीकरण और नई रेल सेवाओं के विस्तार का लाभ अब उत्तर छत्तीसगढ़ के लोगों को भी मिल रहा है।

उन्होंने इस निर्णय के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आने वाले समय में क्षेत्र को रेलवे से जुड़ी और भी नई सुविधाएं मिलने की उम्मीद है।

अंबिकापुर-हजरत निजामुद्दीन एक्सप्रेस को द्विसाप्ताहिक किए जाने के निर्णय का क्षेत्रवासियों ने भी स्वागत किया है। उनका मानना है कि इससे यात्रियों की सुविधा बढ़ने के साथ-साथ सरगुजा संभाग के सामाजिक, शैक्षणिक और आर्थिक विकास को भी गति मिलेगी।

Back to top button