स्कूल में शिक्षक के शराब पीने का वीडियो वायरल, शिक्षा विभाग ने मांगा प्रतिवेदन

कवर्धा। जिले के पंडरिया विकासखंड के सुदूर वनांचल क्षेत्र स्थित ग्राम तेलियापानी लेदरा के एक शासकीय स्कूल का कथित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग हरकत में आ गया है। वायरल वीडियो में स्कूल में पदस्थ एक शिक्षक कथित रूप से शराब का सेवन करते दिखाई दे रहे हैं।

स्कूल परिसर में शराब पीने का दावा

जानकारी के अनुसार, घटना स्कूल समय के दौरान की बताई जा रही है। वायरल वीडियो में शिक्षक स्कूल के एक कमरे में बैठे नजर आ रहे हैं। वीडियो में दो शराब की बोतलें और खाने के पैकेट भी दिखाई दे रहे हैं। हालांकि, वीडियो की सत्यता की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।

डीईओ ने मांगा प्रतिवेदन

मामले की जानकारी मिलने पर जिला शिक्षा अधिकारी एफ.आर. वर्मा ने संबंधित स्कूल के प्रधान पाठक से प्रतिवेदन तलब किया है। उन्होंने कहा कि वायरल वीडियो की विस्तृत जांच कराई जाएगी।

जांच के बाद होगी कार्रवाई

जिला शिक्षा अधिकारी ने बताया कि जांच में यह भी स्पष्ट किया जाएगा कि घटना कब की है और शिक्षक द्वारा कथित रूप से शराब का सेवन स्कूल परिसर में ही किया गया था या नहीं। उन्होंने कहा कि जांच रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले की जांच जारी है।

Back to top button