Crime News : मरीज बनकर आए बदमाश, फिर डॉक्टर पर दाग दी गोली, इलाके में फैली सनसनी…
गाजियाबाद। Crime News :
मृतक डॉक्टर आयुर्वेदिक डॉक्टर शमशाद का मुरादनगर कस्बे में घर है। उन्होंने अपने घर के बाहरी हिस्से में क्लीनिक खोल रखी है। शनिवार रात करीब 10 बजे वह अपनी क्लीनिक में बैठे थे। इसी दौरान बाइक पर आए कुछ बदमाश केबिन में घुसे। इन्होंने खुद को मरीज बताया और इलाज की बात करते करते अचानक तमंचा निकालकर डॉक्टर शमशाद पर फायरिंग कर दी। इससे मौके पर ही डॉक्टर शमशाद की मौत हो गई।
हत्या के बाद आरोपी केबिन से निकलकर बाइक पर सवार हुए और गाजियाबाद की ओर भाग गए। फायरिंग की आवाज सुनकर डॉक्टर शमशाद के परिजनों के साथ ही आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए और मामले की जानकारी पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शव का पंचनामा किया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस ने आरोपियों की पहचान करने और उनकी गिरफ्तारी के लिए पांच टीमों का गठन किया है। इनमें से एक टीम CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। वहीं दूसरी टीम इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस के जरिए बदमाशों को लोकेट करने की कोशिश कर रही है।




