एनटीपीसी लारा में उत्साहपूर्वक मनाया गया 12वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस

रायगढ़।

[img-slider id="274450"]
एनटीपीसी लारा परियोजना में 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन उत्साह, उल्लास और सामूहिक सहभागिता के साथ किया गया। पूरे विश्व के साथ जुड़ते हुए परियोजना परिसर में आयोजित समूह योगाभ्यास शिविर में अधिकारियों, कर्मचारियों एवं उनके परिवारजनों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ एनटीपीसी लारा के परियोजना प्रमुख श्री सुभाष ठाकुर एवं प्रेरिता महिला समिति की अध्यक्षा श्रीमती रेखा ठाकुर ने किया। इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की थीम “स्वस्थ आयु के लिए योग” रही, जिसके अनुरूप प्रतिभागियों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया।

इस अवसर पर उपस्थित कर्मचारियों को संबोधित करते हुए परियोजना प्रमुख श्री सुभाष ठाकुर ने कहा कि बढ़ती उम्र के साथ स्वस्थ और सक्रिय बने रहने में योग की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाता है, बल्कि मानसिक संतुलन और सकारात्मक सोच को भी विकसित करता है।

कार्यक्रम के दौरान अनुभवी योग प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में सभी प्रतिभागियों ने विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास किया। योग प्रशिक्षकों ने योग के वैज्ञानिक एवं स्वास्थ्य संबंधी लाभों की भी जानकारी दी।

प्रेरिता महिला समिति की अध्यक्षा श्रीमती रेखा ठाकुर ने अपने संबोधन में कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो शरीर, मन और आत्मा के बीच संतुलन स्थापित करने का माध्यम है। नियमित योगाभ्यास तनाव को कम करने, कार्यक्षमता बढ़ाने और जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करने में सहायक सिद्ध होता है।

योग दिवस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य कर्मचारियों और उनके परिवारजनों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना था। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में प्रतिभागियों की उपस्थिति ने योग के प्रति बढ़ती जागरूकता और रुचि को दर्शाया।

कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने नियमित रूप से योग करने तथा स्वस्थ, संतुलित और अनुशासित जीवन जीने का संकल्प लिया। एनटीपीसी लारा में आयोजित यह योग शिविर स्वास्थ्य, अनुशासन और सामूहिक सहभागिता का प्रेरणादायक उदाहरण बनकर उभरा।

Back to top button