ऑनलाइन आईपीएल सट्टा नेटवर्क पर रायगढ़ पुलिस का शिकंजा, सट्टा खाईवाल ने किया सरेंडर

रायगढ़ पुलिस के “ऑपरेशन अंकुश” के तहत ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा नेटवर्क के खिलाफ चल रही कार्रवाई के बीच एक और सट्टा खाईवाल ने आत्मसमर्पण किया है।

रायगढ़ निवासी जसमीत बग्गा उर्फ गुड्डा सरदार ने एसपी कार्यालय पहुंचकर पुलिस के सामने सरेंडर किया और सट्टे के अवैध कारोबार से दूर रहने की बात कही।


एसएसपी बोले- पुलिस की रडार से बचना मुश्किल

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि रायगढ़ पुलिस जिले में ऑनलाइन सट्टा, जुआ और साइबर अपराध के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है।

उन्होंने कहा कि फरार अपराधी ज्यादा समय तक पुलिस से बच नहीं सकते और युवाओं को ऑनलाइन सट्टा एवं जुए से दूर रहना चाहिए।


परिवार और तनाव के चलते किया आत्मसमर्पण

आरोपी जसमीत बग्गा ने बताया कि फरारी के दौरान वह लगातार डर और तनाव में जी रहा था। परिवार की चिंता और सामाजिक बदनामी के कारण उसने पुलिस के सामने आत्मसमर्पण करने का फैसला लिया।

उसने कहा कि ऑनलाइन सट्टे का कारोबार अंततः आर्थिक बर्बादी, जेल और सामाजिक अपमान की ओर ले जाता है।


बड़े सट्टा नेटवर्क से जुड़े मिले तार

पुलिस जांच में सामने आया है कि जसमीत बग्गा, करन चौधरी उर्फ करन अग्रवाल के नेटवर्क का संचालन संभालता था और खुद भी बड़ा सट्टा खाईवाल बन चुका था।

उसके संबंध घरघोड़ा में पकड़े गए गौतम भोजवानी और रायपुर के सट्टा कारोबारियों मोहित सोमानी तथा प्रकाश वाधवानी से भी जुड़े पाए गए हैं।

पुलिस अब हवाला लेनदेन और ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क में उसकी भूमिका की विस्तृत जांच कर रही है।


“ऑपरेशन अंकुश” के तहत लगातार कार्रवाई

रायगढ़ पुलिस ने 26 अप्रैल को साइबर सेल, कोतवाली और घरघोड़ा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में ऑनलाइन आईपीएल सट्टा नेटवर्क पर छापेमारी कर कई आरोपियों को गिरफ्तार किया था।

जांच के दौरान करोड़ों रुपए के हवाला नेटवर्क, डिजिटल ट्रांजेक्शन और ऑनलाइन बेटिंग आईडी से जुड़े कई अहम सुराग मिले हैं।

पुलिस का कहना है कि पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश और जांच लगातार जारी है।

Back to top button