
कांग्रेस पर भाजपा का हमला, अशोक अग्रवाल बोले- आपदा में अवसर खोज रही कांग्रेस
रायगढ़ में पेट्रोल-डीजल की कथित किल्लत को लेकर कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन पर भाजपा ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। जिला भाजपा के सह प्रवक्ता और पूर्व जिला पंचायत सदस्य अशोक अग्रवाल ने कांग्रेस के धरना प्रदर्शन को राजनीतिक नौटंकी बताया है।
“जनता को भ्रमित करने का प्रयास”
अशोक अग्रवाल ने कहा कि कांग्रेस मुट्ठी भर समर्थकों के साथ विरोध प्रदर्शन कर जनता को भ्रमित करने की कोशिश कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस आज भी “आपदा में अवसर” खोजने की राजनीति कर रही है।
उन्होंने कहा कि वैश्विक परिस्थितियों और अंतरराष्ट्रीय संकटों के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश मजबूती से खड़ा है और जनता को केंद्र सरकार की नीतियों पर पूरा विश्वास है।
ओपी चौधरी की विकास राजनीति से कांग्रेस परेशान: भाजपा
भाजपा नेता ने कहा कि रायगढ़ विधायक और प्रदेश के वित्त मंत्री ओपी चौधरी के नेतृत्व में जिले में लगातार विकास कार्य हो रहे हैं, जिससे कांग्रेस बौखला गई है।
उन्होंने कहा कि जिले में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल और सामाजिक अधोसंरचना से जुड़े करोड़ों रुपये के कार्य किए जा रहे हैं, जिनका लाभ आम जनता को मिल रहा है।
“कांग्रेस का जनाधार खत्म हो चुका”
अशोक अग्रवाल ने दावा किया कि जनता कांग्रेस की राजनीति को समझ चुकी है और पार्टी का जनाधार समाप्त हो चुका है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस अब केवल मीडिया में बने रहने के लिए विरोध प्रदर्शन कर रही है, जबकि जनता विकास, सुशासन और स्थिर नेतृत्व के साथ खड़ी है।
भाजपा सरकार जनता के हित में काम कर रही: अग्रवाल
भाजपा नेता ने कहा कि राज्य सरकार जनता की सुविधाओं और आवश्यकताओं को लेकर संवेदनशील है और किसी भी परिस्थिति में आम नागरिकों को परेशानी न हो, इसके लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने कांग्रेस को आत्ममंथन करने की सलाह देते हुए कहा कि झूठ और भ्रम फैलाकर राजनीतिक जमीन बचाने की कोशिश सफल नहीं होगी।


