गढ़चिरौली: छत्तीसगढ़-महाराष्ट्र सीमा पर नक्सलियों का हथियार निर्माण ठिकाना ध्वस्त, भारी मात्रा में सामग्री बरामद
गढ़चिरौली। छत्तीसगढ़-महाराष्ट्र सीमा पर स्थित गढ़चिरौली जिले में सुरक्षाबलों ने नक्सलियों के एक हथियार निर्माण ठिकाने का भंडाफोड़ किया है। गढ़चिरौली पुलिस और सीआरपीएफ की संयुक्त टीम ने विशेष अभियान के दौरान जंगल में छिपाकर रखी गई हथियार निर्माण सामग्री और विस्फोटक बनाने में उपयोग होने वाले उपकरण बरामद किए। कार्रवाई के बाद मौके पर ही सभी सामग्री को नष्ट कर दिया गया।
पुलिस के अनुसार यह अभियान 22 से 27 जून 2026 तक चलाया गया। 27 जून को गुप्त सूचना मिलने पर सुरक्षाबलों ने छत्तीसगढ़-महाराष्ट्र सीमा के घने जंगल में तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान जमीन के नीचे छिपाकर रखा गया नक्सलियों का हथियार निर्माण ठिकाना बरामद हुआ।
तलाशी के दौरान सुरक्षाबलों ने लगभग 5 से 6 टन वजनी लेथ मशीन, 150 क्लैंप, विभिन्न प्रकार के पाइप, 220 बोर पाइप, 20 लोहे की रॉड तथा हथियार निर्माण में इस्तेमाल होने वाली अन्य सामग्री बरामद की।
पुलिस का कहना है कि नक्सली जंगलों में इस प्रकार की सामग्री छिपाकर रखते हैं और आवश्यकता पड़ने पर हथियार तथा विस्फोटक तैयार करने में इसका उपयोग करते हैं। बरामद सामग्री को जब्त करने के बाद सुरक्षा कारणों से मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।
सुरक्षाबलों ने बताया कि क्षेत्र में नक्सल गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और ऐसे ठिकानों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

