चिराईपानी हादसे की जांच के लिए कांग्रेस समिति पहुंची घटनास्थल, प्रबंधन पर लगाए गंभीर आरोप

रायगढ़।

[img-slider id="274450"]
जिले के चिराईपानी स्थित महालक्ष्मी कास्टिंग कंपनी में दीवार गिरने से गर्भवती महिला की मौत के मामले में प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा गठित छह सदस्यीय जांच समिति मंगलवार को घटनास्थल पहुंची। समिति ने मौके का निरीक्षण कर ग्रामीणों, घायलों एवं स्थानीय लोगों से चर्चा की तथा घटना से संबंधित जानकारी जुटाई।

छह सदस्यीय समिति को सौंपी गई जांच की जिम्मेदारी

प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने मामले की जांच के लिए चंद्रपुर विधायक रामकुमार यादव को समिति का संयोजक बनाया है। समिति में जैजैपुर विधायक बालेश्वर साहू, लैलूंगा विधायक विद्यावती सिदार, पूर्व विधायक प्रकाश नायक, पीसीसी महामंत्री आरती सिंह तथा नगर निगम नेता प्रतिपक्ष सलीम नियारिया को सदस्य बनाया गया है।

सुरक्षा मानकों की अनदेखी का आरोप

निरीक्षण के दौरान कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि कंपनी प्रबंधन द्वारा श्रम एवं सुरक्षा संबंधी नियमों का समुचित पालन नहीं किया जा रहा था। उनका दावा है कि मजदूरों से दैनिक मजदूरी पर कार्य कराया जा रहा था तथा सुरक्षा मानकों की अनदेखी की गई।

जांच समिति के सदस्यों ने बताया कि घटनास्थल पर मौजूद दीवार की ऊंचाई लगभग 20 फीट थी। समिति के अनुसार पानी निकासी के लिए दीवार को कई स्थानों से तोड़ा गया था, जिससे उसकी मजबूती प्रभावित हुई। कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि सुरक्षा मानकों के अनुरूप निर्माण नहीं होने के कारण दीवार ढह गई, जिसकी चपेट में आने से गर्भवती महिला रंभा यादव की मृत्यु हो गई, जबकि सुनील यादव एवं रिंकी यादव घायल हो गए।

कानूनी कार्रवाई और मुआवजे की मांग

कांग्रेस नेताओं ने घटना को गंभीर लापरवाही बताते हुए कंपनी प्रबंधन के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई तथा हत्या का मामला दर्ज करने की मांग की है। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि प्लांट प्रबंधन द्वारा सरकारी भूमि पर कब्जा किया गया है तथा तालाब को पाटने और ग्रीन बेल्ट क्षेत्र में अतिक्रमण किए जाने की शिकायतें भी ग्रामीणों ने समिति के समक्ष रखी हैं। इन मामलों की प्रशासनिक जांच कराने की मांग भी की गई है।

कांग्रेस ने मृतका के परिजनों को 2 करोड़ रुपये तथा दोनों घायलों को 1-1 करोड़ रुपये मुआवजा दिए जाने की मांग की है। नेताओं का कहना है कि हादसे से प्रभावित परिवारों को पर्याप्त आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जानी चाहिए।

जिला अस्पताल पहुंचकर घायलों से की मुलाकात

घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद जांच समिति जिला अस्पताल भी पहुंची, जहां घायलों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि घायलों के उपचार में कंपनी का अपेक्षित सहयोग नहीं मिल रहा है और उनका इलाज आयुष्मान कार्ड के माध्यम से कराया जा रहा है।

प्रदेश कांग्रेस को सौंपी जाएगी रिपोर्ट

समिति के सदस्य सलीम नियारिया ने बताया कि घटनास्थल निरीक्षण, ग्रामीणों एवं घायलों से चर्चा के आधार पर विस्तृत जांच रिपोर्ट तैयार कर प्रदेश कांग्रेस कमेटी को सौंपी जाएगी, जिसके बाद आगे की कार्रवाई की मांग की जाएगी।

Back to top button