बलौदाबाजार के खर्वे गांव में 8 संदिग्ध मौतों का खुलासा, जहर मिली शराब पिलाने के आरोप में ग्रामीण गिरफ्तार

बलौदाबाजार। जिले के कसडोल थाना क्षेत्र अंतर्गत खर्वे गांव में पिछले तीन महीनों के दौरान हुई 8 संदिग्ध मौतों के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। पुलिस ने गांव के ही निवासी रामसहाय जायसवाल (46)

[img-slider id="274450"]
को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि उसने पुरानी रंजिश, विवाद और अन्य व्यक्तिगत कारणों से लोगों को जहर मिलाकर शराब पिलाई, जिससे उनकी मौत हो गई।

ग्रामीणों की शिकायत पर शुरू हुई जांच

गांव में लगातार हो रही मौतों के बाद 6 जून को ग्रामीणों ने कसडोल थाना पहुंचकर मामले की जांच की मांग की थी। ग्रामीणों ने रामसहाय जायसवाल पर संदेह जताया था। शिकायत के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और सात मृतकों के शव कब्र से निकलवाकर पोस्टमॉर्टम एवं फॉरेंसिक जांच के लिए रायपुर भेजे। एक मृतक का अंतिम संस्कार पहले ही किया जा चुका था।

तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी तक पहुंची पुलिस

जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि आरोपी ने कुछ समय पहले चूहा मारने के नाम पर जहरीला पदार्थ खरीदा था। ग्रामीणों और अन्य लोगों से पूछताछ तथा तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने रामसहाय को हिरासत में लिया।प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने आरोपों से इनकार किया, लेकिन बाद में उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।

पहले कुत्ते पर किया जहर का परीक्षण

पुलिस के अनुसार आरोपी ने पहले एक कुत्ते को जहर देकर यह जांच की कि जहरीला पदार्थ प्रभावी है या नहीं। इसके बाद उसने अलग-अलग अवसरों पर कुछ लोगों को शराब में जहर मिलाकर पिलाया।मंगलवार को पुलिस आरोपी को उसके घर, दुकान और अन्य स्थानों पर लेकर पहुंची, जहां से कथित रूप से इस्तेमाल किया गया जहरीला पदार्थ बरामद किया गया।

तीन महीनों में हुई थीं 8 मौतें

पुलिस के अनुसार संदिग्ध मौतों का सिलसिला 6 फरवरी 2026 से शुरू हुआ था। इसके बाद अलग-अलग तिथियों में गांव के आठ लोगों की मौत हुई। लगातार हो रही मौतों से गांव में दहशत का माहौल बन गया था और मामले को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं भी होने लगी थीं।

खजाने और बलि की चर्चाएं भी हुईं

ग्रामीणों के बीच लगातार हो रही मौतों को लेकर गड़े धन और बलि जैसी चर्चाएं भी सामने आई थीं। हालांकि पुलिस का कहना है कि जांच और पूछताछ में इस तरह के किसी तथ्य की पुष्टि नहीं हुई है।

फॉरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार

पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है। फॉरेंसिक रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। मामले को जिले की हालिया सबसे गंभीर आपराधिक घटनाओं में से एक माना जा रहा है।

Back to top button