छत्तीसगढ़

दिव्यांग मतदाताओं की सहभागिता सुनिश्चित करने जिला स्तरीय बैठक संपन्न

WhatsApp Image 2026-11-19 at 7.10.01 PM
WhatsApp Image 2026-11-19 at 7.10.01 PM (1)

भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप आगामी निर्वाचन में दिव्यांग मतदाताओं की सक्रिय भागीदारी और मतदाता सूची में शत-प्रतिशत पंजीकरण सुनिश्चित करने हेतु कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. सर्वेश्वर नरेन्द्र भुरे के मार्गदर्शन में कलेक्टोरेट सभाकक्ष में “डिस्ट्रिक्ट मॉनिटरिंग कमेटी ऑन एक्सेसिबल इलेक्शन (DMCAE)” की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अपर कलेक्टर श्री प्रेमप्रकाश शर्मा ने की, वहीं उप जिला निर्वाचन अधिकारी सुश्री हितेश्वरी बाघे भी बैठक में उपस्थित रहीं।

बैठक में बताया गया कि दिव्यांग मतदाताओं के लिए समावेशी और सुगम मतदान प्रक्रिया सुनिश्चित करने हेतु जिला एवं विधानसभा क्षेत्र स्तर पर समितियों का गठन किया गया है। इसके अंतर्गत बूथ लेवल अधिकारियों (BLOs) को उन्मुखीकरण प्रदान किया जाएगा, ताकि वे घर-घर सर्वे के माध्यम से प्रत्येक मतदान केंद्र में दिव्यांगजनों की संख्या एवं उनकी निशक्तता के प्रकार की जानकारी एकत्र कर सकें।

निर्वाचन से पूर्व प्रत्येक पात्र दिव्यांग मतदाता का नाम मतदाता सूची में दर्ज किया जाएगा। इसके लिए दिव्यांगजनों के यूडीआईडी कार्ड बनाते समय भी यह सुनिश्चित किया जाएगा कि 18 वर्ष से अधिक आयु के व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में दर्ज हो। शिक्षण एवं पुनर्वास से जुड़ी संस्थाओं के माध्यम से दिव्यांगजनों को मतदाता सूची में पंजीकृत करने तथा उन्हें मतदान हेतु प्रेरित करने के लिए विशेष अभियान चलाए जाएंगे।

बैठक में यह भी उल्लेख किया गया कि मतदान केंद्रों पर रैंप, व्हीलचेयर, ट्राईसाइकिल जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। दृष्टिबाधित मतदाताओं के लिए ब्रेल लिपि में ईवीएम डमी बैलेट शीट और मतदाता पहचान पत्र भी प्रदान किए जाएंगे। मतदान दिवस पर दिव्यांगजनों को प्राथमिकता देते हुए कतार में प्रतीक्षा से छूट दी जाएगी।

आगामी लोकसभा एवं विधानसभा चुनाव में सहायता की आवश्यकता वाले दिव्यांग मतदाताओं के लिए चयनित नगरीय व ग्रामीण क्षेत्रों में ‘दिव्यांग रथ’ की व्यवस्था की जाएगी तथा एनसीसी, एनएसएस, स्काउट-गाइड, इको क्लब एवं चुनाव पाठशाला के छात्र-छात्राओं के माध्यम से सहायता प्रदान की जाएगी। साथ ही, मतदान केंद्रों पर दी जा रही सुविधाओं की व्यापक जानकारी प्रसारित करने हेतु प्रचार-प्रसार और टोल फ्री हेल्पलाइन 1950 के प्रचार को भी प्रमुखता दी जाएगी।

बैठक में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नेतराम नवरत्न, उप संचालक जनसंपर्क श्री सुरेन्द्र शुक्ल, एसडीओ लोक निर्माण विभाग श्री पी.के. सिंघानिया, जिला साक्षरता मिशन की परियोजना अधिकारी एवं सहायक नोडल अधिकारी स्वीप श्रीमती रश्मि सिंह, समग्र शिक्षा की सहायक कार्यक्रम समन्वयक श्रीमती प्रणीता शर्मा, तथा दिव्यांगजनों की सेवा में कार्यरत संस्थाएं जैसे ‘आस्था’ के हेमंत तिवारी एवं ‘अभिलाषा’ संस्था के प्रशासक श्री दिलीप श्रीवास्तव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

यह बैठक आगामी निर्वाचन को समावेशी और सभी के लिए सुलभ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुई।

Show More
भीम तिवारी

भीम तिवारी

प्रधान संपादक
Back to top button