
छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी का कहर, 18 जिलों में हीटवेव अलर्ट जारी
रायपुर, 24 मई 2026। छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी का दौर लगातार जारी है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के लिए रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर समेत 18 जिलों में हीटवेव का अलर्ट जारी किया है। प्रदेश के मध्य हिस्सों में अगले 5 दिनों तक तेज गर्म हवाएं चलने और तापमान 44 से 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना जताई गई है।
राजनांदगांव रहा सबसे गर्म
मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश में सबसे अधिक तापमान राजनांदगांव में 46 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 22.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। पूरे प्रदेश में मौसम शुष्क बना रहा और कहीं भी बारिश दर्ज नहीं की गई।
रायपुर में आज आसमान साफ रहने का अनुमान है। यहां अधिकतम तापमान 45 डिग्री और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।
18 जिलों में हीटवेव का अलर्ट
मौसम विभाग ने रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर, रायगढ़, मुंगेली, बलौदाबाजार, बेमेतरा, कबीरधाम, राजनांदगांव, सारंगढ़-बिलाईगढ़, सक्ती, कोरबा, जांजगीर-चांपा, गरियाबंद, धमतरी, महासमुंद और बालोद जिलों में लू चलने की चेतावनी जारी की है।
विशेषज्ञों के अनुसार लंबे समय तक तेज गर्मी और गर्म हवाओं के संपर्क में रहने से हीट स्ट्रोक, डिहाइड्रेशन और कमजोरी जैसी समस्याएं हो सकती हैं।
सुबह 10 बजे के बाद बढ़ेगा खतरा
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार सुबह 10 बजे के बाद अल्ट्रावायलेट (UV) रेज का स्तर तेजी से बढ़ जाएगा। दोपहर 11 से 12 बजे के बीच इसका स्तर सबसे अधिक रहने की संभावना है। ऐसे में लोगों को जरूरी काम होने पर ही दोपहर में घर से बाहर निकलने की सलाह दी गई है।
बिलासपुर में स्वास्थ्य विभाग की एडवाइजरी
बिलासपुर में तापमान 44 डिग्री पहुंचने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने एडवाइजरी जारी की है। लोगों को अधिक पानी पीने, शरीर को हाइड्रेट रखने और धूप से बचने की सलाह दी गई है। बच्चों, बुजुर्गों और गर्भवती महिलाओं को विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया है।
इमरजेंसी सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर 87706-64365 और 75870-38622 जारी किए गए हैं।
रायगढ़ में पंखे-कूलर भी बेअसर
रायगढ़ जिले में भी गर्मी का असर लगातार बढ़ रहा है। यहां तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। दिन में तेज धूप और रात में गर्म हवाओं से लोगों की परेशानी बढ़ गई है। हल्की बूंदाबांदी के बावजूद उमस कम नहीं हुई और पंखे-कूलर भी राहत देने में नाकाम नजर आ रहे हैं।
गर्मी का मानसिक स्वास्थ्य पर भी असर
विशेषज्ञों के अनुसार लगातार बढ़ती गर्मी का असर मानसिक स्वास्थ्य पर भी पड़ रहा है। तेज तापमान के कारण चिड़चिड़ापन, तनाव, थकान, कम नींद और मूड स्विंग जैसी समस्याएं बढ़ सकती हैं।
अंतरराष्ट्रीय शोधों के मुताबिक हीटवेव के दौरान मानसिक तनाव और नींद से जुड़ी समस्याओं के मामलों में बढ़ोतरी देखी जाती है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों को पर्याप्त आराम, पानी और संतुलित दिनचर्या बनाए रखने की सलाह दी है।


