जशपुर में बिहान समूह की महिलाओं ने लहराया तिरंगा, वंदे मातरम के जयघोष से गूंजे गांव
जशपुर, 14 अगस्त। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत जशपुर जिले में राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय एकता का संदेश देने के लिए बिहान स्व-सहायता समूहों की महिलाओं ने विभिन्न गांवों में तिरंगा फहराया। महिलाओं ने सामूहिक रूप से ‘वंदे मातरम’ का उद्घोष कर स्वतंत्रता दिवस के उत्सव में सहभागिता दर्ज कराई।
अभियान के शुरुआती चरण में जिले के सभी आठ विकासखंडों के 32 क्लस्टरों की महिलाओं ने सक्रिय भागीदारी की। अलग-अलग ग्राम पंचायतों और क्लस्टर स्तर पर बड़ी संख्या में स्व-सहायता समूहों की महिलाएं एकत्रित हुईं और राष्ट्रीय ध्वज फहराकर देश के प्रति सम्मान एवं गौरव की भावना व्यक्त की।
आठों विकासखंडों में दिखा उत्साह
तिरंगा अभियान में जशपुर विकासखंड के घोलेंग क्लस्टर, कुनकुरी के नारायणपुर और बंदरचुआ क्लस्टर सहित पत्थलगांव के विभिन्न क्लस्टरों की महिलाओं ने हिस्सा लिया। वहीं दुलदुला विकासखंड के सभी क्लस्टरों में कार्यक्रम आयोजित किए गए।
मनोरा के आस्था और सोनकियारी क्लस्टर, बगीचा विकासखंड तथा फरसाबहार विकासखंड के सभी क्लस्टरों में भी महिलाओं ने उत्साह के साथ तिरंगा फहराया।
इस दौरान महिलाओं ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगीत और देशभक्ति के नारों के जरिए ग्रामीण क्षेत्रों में राष्ट्रीय एकता और देशप्रेम का संदेश दिया।
17 अगस्त तक चलेगा अभियान
जिले में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान 9 से 17 अगस्त तक चलाया जा रहा है। अभियान के दौरान बिहान स्व-सहायता समूहों से जुड़ी महिलाएं अपने-अपने क्लस्टर और ग्राम पंचायतों में तिरंगा फहराने के साथ विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से ग्रामीणों को राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय गौरव और एकता के प्रति जागरूक कर रही हैं।
बिहान समूह की महिलाओं की भागीदारी से अभियान को ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचाने में मदद मिल रही है। साथ ही यह सहभागिता ग्रामीण महिलाओं की सामाजिक भागीदारी और सामुदायिक गतिविधियों में उनकी सक्रिय भूमिका को भी सामने ला रही है।
जिले के विभिन्न गांवों में तिरंगे के साथ महिलाओं की सामूहिक उपस्थिति ‘हर घर तिरंगा, हर दिल तिरंगा’ की भावना को मजबूत करती नजर आई।











