
नवागढ़ नगर पंचायत में एसीबी का बड़ा ट्रैप लेखापाल 8 हजार रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार
जांजगीर चांपा : जिले के नवागढ़ नगर पंचायत में एंटी करप्शन ब्यूरो की बड़ी कार्रवाई सामने आई है, जहां लेखापाल प्रकाश जायसवाल को 8 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया। चेक जारी करने के एवज में रिश्वत मांगी जा रही थी, जिस पर शिकायत के बाद ACB ने ट्रैप कर कार्रवाई की । नवागढ़ निवासी अब्दुल वहाब ने ACB बिलासपुर में शिकायत दर्ज कराई थी। उसने बताया कि उसके फर्म द्वारा वर्ष 2024-25 में नगर पंचायत क्षेत्र में अधोसंरचना और मरम्मत का कार्य किया गया था, जिसकी करीब 2 लाख 3 हजार रुपये की बिल राशि लंबित थी। चेक जारी करने के एवज में लेखापाल द्वारा रिश्वत की मांग की जा रही थी।
पहले ले चुका था रकम, फिर की नई मांग
शिकायत के अनुसार आरोपी ने कुल 16 हजार रुपये रिश्वत मांगी थी, जिसमें से 6 हजार रुपये पहले ही ले चुका था। बाद में 10 हजार रुपये और मांगे गए, लेकिन मोलभाव के बाद आरोपी 8 हजार रुपये लेने को तैयार हो गया। प्रार्थी रिश्वत नहीं देना चाहता था, इसलिए उसने ACB से संपर्क किया । ACB टीम ने शिकायत का सत्यापन कर 20 मार्च 2026 को ट्रैप की योजना बनाई। प्रार्थी को रिश्वत की रकम देकर भेजा गया। आरोपी ने रकम अपने हाथ में लेकर कार में रखी, तभी पहले से घात लगाए ACB टीम ने ग्राम सेमरा के पास शाह क्रशर के नजदीक उसे रंगे हाथ पकड़ लिया और 8 हजार रुपये बरामद कर लिए।
ACB की कार्रवाई और आगे की जांच
इस कार्रवाई का नेतृत्व DSP अजितेश सिंह ने किया। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 की धारा 7 के तहत मामला दर्ज किया गया है। ACB ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी विभाग में रिश्वत मांगे जाने पर तुरंत शिकायत करें, ताकि भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सके।
