नारायणपुर : सर्च अभियान में नक्सलियों का लकड़ी से बना स्मारक ध्वस्त
धनोरा थाना क्षेत्र के तोयापारा में पुलिस-आईटीबीपी की संयुक्त कार्रवाई, ग्रामीणों के सहयोग से हटाया गया नक्सली प्रतीक
नारायणपुर। जिले में नक्सल विरोधी अभियान के तहत सुरक्षा बलों ने सर्च ऑपरेशन के दौरान नक्सलियों द्वारा निर्मित एक लकड़ी के स्मारक को ध्वस्त कर दिया। यह कार्रवाई 28 जुलाई को धनोरा थाना क्षेत्र के ग्राम तोयापारा में छत्तीसगढ़ पुलिस और आईटीबीपी की 45वीं वाहिनी की संयुक्त टीम ने की।
ग्रामीणों के सहयोग से हुई कार्रवाई
पुलिस के अनुसार, सर्च अभियान के दौरान स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से नक्सली संगठन द्वारा निर्मित लकड़ी के स्मारक को हटाया गया। पुलिस का कहना है कि इस प्रकार के स्मारकों का उपयोग नक्सली संगठन अपने प्रभाव और प्रचार-प्रसार के लिए करता है।
नक्सल विरोधी अभियान जारी
नारायणपुर पुलिस के अनुसार, क्षेत्र में नक्सल संगठन के प्रभाव और प्रतीकों को समाप्त करने के उद्देश्य से लगातार अभियान चलाया जा रहा है। सुरक्षा बलों द्वारा सघन सर्च ऑपरेशन के साथ-साथ क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और विकास का वातावरण स्थापित करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
पुलिस ने लोगों से की अपील
नारायणपुर पुलिस ने आम नागरिकों से नक्सल गतिविधियों से जुड़ी किसी भी प्रकार की सूचना तत्काल निकटतम पुलिस थाना या सुरक्षा बलों को देने की अपील की है। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।


