
पंचधारी एनीकट सहित सभी जलाशयों को लेकर प्रशासन अलर्ट, जारी की गई सुरक्षा एडवायजरी
रायगढ़ जिले में पंचधारी एनीकट सहित विभिन्न जलाशयों में लगातार सामने आ रही डूबने की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए जिला प्रशासन ने विस्तृत सुरक्षा एडवायजरी जारी की है।
कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी मयंक चतुर्वेदी ने आमजन से जलस्रोतों के आसपास विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।
जलाशयों के आसपास सतर्क रहने की अपील
जारी एडवायजरी में कहा गया है कि पंचधारी एनीकट, नदी, तालाब और अन्य जलस्रोतों में स्नान, पिकनिक या घूमने के दौरान असावधानी गंभीर दुर्घटनाओं का कारण बन सकती है।
प्रशासन ने अभिभावकों से बच्चों को बिना निगरानी जलस्रोतों के पास नहीं जाने देने की अपील की है।
सेल्फी और स्टंट से दूर रहने की सलाह
प्रशासन ने युवाओं और आम नागरिकों को एनीकट के गहरे पानी, तेज बहाव और फिसलनयुक्त चट्टानों के पास सेल्फी, स्टंट और वीडियोग्राफी जैसी गतिविधियों से दूर रहने की सख्त सलाह दी है।
एडवायजरी में कहा गया है कि ऐसे स्थानों पर लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है।
नशे की हालत में जलाशयों में प्रवेश पर रोक
प्रशासन ने शराब या अन्य मादक पदार्थों के सेवन के बाद जलाशयों में जाने को अत्यंत खतरनाक बताया है।
साथ ही जिन लोगों को तैरना नहीं आता या गंभीर बीमारियां हैं, उन्हें पानी में नहीं उतरने की सलाह दी गई है।
लाइफ जैकेट अनिवार्य, असुरक्षित नावों पर रोक
नौकायन से जुड़े सुरक्षा निर्देशों में प्रशासन ने लाइफ जैकेट को अनिवार्य बताया है। जर्जर और असुरक्षित नावों के उपयोग पर भी रोक लगाने की बात कही गई है।
नाव में क्षमता से अधिक लोगों को बैठाने से भी मना किया गया है।
स्कूल और पंचायतों को भी जिम्मेदारी
प्रशासन ने स्कूलों और कॉलेजों को छात्रों के बीच जल सुरक्षा को लेकर जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं।
वहीं ग्राम पंचायतों को खतरनाक घाटों और एनीकट क्षेत्रों में चेतावनी बोर्ड लगाने तथा स्थानीय तैराकों और आपदा मित्रों को अलर्ट रखने को कहा गया है।
आपात स्थिति में डायल-112 और 108 पर करें संपर्क
एडवायजरी में कहा गया है कि यदि कोई व्यक्ति जल में फंस जाए तो तत्काल डायल-112 और एम्बुलेंस सेवा 108 पर सूचना दें।
प्रशासन ने बिना प्रशिक्षण सीधे पानी में छलांग लगाने से बचने और सुरक्षित तरीके से सहायता पहुंचाने की सलाह दी है।
“हर जीवन अमूल्य है” : कलेक्टर
कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने कहा कि प्रत्येक नागरिक का जीवन परिवार और समाज के लिए अमूल्य है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे एडवायजरी का पालन करें और खुद के साथ दूसरों की सुरक्षा में भी सहयोग करें।


