पत्थलगांव के रथ मेले में जुआ फड़ पर पुलिस की दबिश, 7 गिरफ्तार; ₹77,240 नकद जब्त

दो अलग-अलग जुआ फड़ों पर खुड़खुड़िया पट्टी और गोटियों से लगवाया जा रहा था दांव, जुआ सामग्री भी बरामद

जशपुर/पत्थलगांव, 10 अगस्त 2026। जशपुर जिले में जुआ और सट्टे जैसी अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पत्थलगांव पुलिस ने ग्राम सूरजगढ़ ऊपरपारा स्थित रथ मेले में कार्रवाई की। पुलिस ने दो अलग-अलग जुआ फड़ों पर दबिश देकर जुआ खेलाने वाले सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मौके से कुल 77,240 रुपये नकद और जुआ खेलने-खेलाने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री जब्त की गई।

पुलिस के अनुसार, 8 अगस्त को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सूरजगढ़ ऊपरपारा के रथ मेले में खुड़खुड़िया जुआ खेलाया जा रहा है। सूचना वरिष्ठ अधिकारियों को देने के बाद थाना प्रभारी निरीक्षक विनीत कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में सउनि लखेश कुमार साहू सहित पुलिस टीम मौके पर पहुंची।

दो जुआ फड़ों पर चल रहा था दांव

पुलिस टीम ने देखा कि सार्वजनिक स्थान पर सीसी रोड पर पेट्रोमैक्स की रोशनी में दो अलग-अलग जुआ फड़ लगाए गए थे। यहां खुड़खुड़िया पट्टी और गोटियों के माध्यम से लोगों से रुपये-पैसे का दांव लगवाया जा रहा था।

पुलिस को देखकर कुछ जुआरी मौके से भाग निकले, जबकि जुआ खेलाने वाले सात आरोपियों को पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ लिया।

पहले जुआ फड़ से निराकार खुटिया, विजय भगत, अगस्तु भगत और नितेश किण्डो को पकड़ा गया। इनके कब्जे और फड़ से 42,810 रुपये नकद बरामद हुए।

वहीं दूसरे जुआ फड़ से दिलीप खलखो, अकबर किण्डो और रंजीत किण्डो को गिरफ्तार किया गया। इनके कब्जे से 34,430 रुपये नकद जब्त किए गए।

इस प्रकार दोनों फड़ों से कुल 77,240 रुपये बरामद हुए।

खुड़खुड़िया पट्टी और गोटियां भी जब्त

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने खुड़खुड़िया पट्टी, छह प्लास्टिक की गोटियां, बांस की टोकरी, प्लास्टिक की चटाई और करीब तीन लीटर क्षमता का लाल रंग का पेट्रोमैक्स गैस लैंप सहित जुआ खेलने और खेलाने में इस्तेमाल होने वाली अन्य सामग्री भी जब्त की।

जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत कार्रवाई

पुलिस ने मामले में थाना पत्थलगांव में अपराध क्रमांक 168/2026 और 169/2026 दर्ज किए। आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम, 2022 की धारा 3(2), 4 एवं 6 के तहत कार्रवाई की गई।

सभी सात आरोपियों को 9 अगस्त को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

गिरफ्तार आरोपियों में निराकार खुटिया (27), विजय भगत (44), अगस्तु भगत (45), नितेश किण्डो (34), दिलीप खलखो (30), अकबर किण्डो (43) और रंजीत किण्डो (36) शामिल हैं।

पुलिस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक विनीत कुमार पाण्डेय, सउनि लखेश कुमार साहू सहित पत्थलगांव थाना पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

जुआ-सट्टे के खिलाफ कार्रवाई जारी

डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि जिले में जुआ-सट्टा जैसी अवैध गतिविधियों पर पुलिस लगातार नजर रख रही है। ऐसे मामलों में संलिप्त लोगों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Back to top button