बलौदाबाजार में दर्दनाक हादसा : करंट की चपेट में आने से पिता-पुत्र की मौत, मां गंभीर रूप से घायल

बालकनी की लोहे की ग्रिल में फैला था करंट, पति और बेटे को बचाने पहुंची महिला भी आई चपेट में; रायपुर किया जा रहा रेफर

बलौदाबाजार। जिले में शुक्रवार सुबह करंट लगने से पिता और बेटे की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उन्हें बचाने पहुंची मां गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना नेहरू चौक स्थित एक मकान की बालकनी में हुई, जहां लोहे की ग्रिल में करंट फैल गया था। हादसे में कारोबारी राकेश गुप्ता (45) और उनके बेटे ओम गुप्ता (24) की जान चली गई। वहीं, राकेश की पत्नी वर्षा गुप्ता (45) का जिला चिकित्सालय में इलाज जारी है। बेहतर उपचार के लिए उन्हें रायपुर रेफर किया जा रहा है।

बालकनी की ग्रिल छूते ही करंट की चपेट में आए राकेश

जानकारी के अनुसार, राकेश गुप्ता शुक्रवार सुबह रोज की तरह नींद से जागने के बाद बालकनी में गए थे। इसी दौरान उन्होंने वहां लगी लोहे की ग्रिल को हाथ लगाया। ग्रिल में करंट प्रवाहित होने के कारण वे उसकी चपेट में आ गए और उससे चिपक गए।

पिता को बचाने पहुंचे बेटे की भी गई जान

पिता को करंट से चिपका देख उनका 24 वर्षीय बेटा ओम गुप्ता उन्हें बचाने के लिए दौड़ा। इस दौरान वह भी करंट की चपेट में आ गया। इसके बाद पति और बेटे को बचाने पहुंचीं वर्षा गुप्ता को भी बिजली का तेज झटका लगा और वह दूर जा गिरीं।

डॉक्टरों ने पिता-पुत्र को मृत घोषित किया

आसपास के लोगों की मदद से तीनों को जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया। यहां चिकित्सकों ने राकेश गुप्ता और ओम गुप्ता को मृत घोषित कर दिया। वहीं, घायल वर्षा गुप्ता का उपचार जारी है। उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर करने की तैयारी की जा रही है।

पुलिस ने शुरू की मामले की जांच

घटना सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र की है। पुलिस ने मर्ग कायम कर पिता-पुत्र के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों और बालकनी की लोहे की ग्रिल में करंट फैलने की वजह की जांच कर रही है।

Back to top button