बालोद में EV डीलरशिप के नाम पर 31.80 लाख की ठगी, 2 आरोपी गिरफ्तार
बालोद, -जिले में इलेक्ट्रिक वाहन डीलरशिप और 100 प्रतिशत कैशबैक का झांसा देकर 31.80 लाख रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। थाना सनौद पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए 2 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है, जबकि एक आरोपी फरार है।
*क्या है पूरा मामला*
प्रार्थी मनीष कुमार साहू, निवासी ग्राम भानपुरी, थाना गुरूर, जिला बालोद ने थाना सनौद में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट के अनुसार वर्ष 2024 में वह CBK EV MOTORS प्राइवेट लिमिटेड कंपनी से जुड़कर काम कर रहा था। कंपनी की ओर से डीलरशिप और इलेक्ट्रिक स्कूटर व्यवसाय में आकर्षक लाभ और 100% कैशबैक का भरोसा दिलाया गया।
इसी झांसे में आकर प्रार्थी ने बैंकिंग माध्यमों और नगद मिलाकर कुल 31,80,000 रुपये कंपनी से जुड़े लोगों को दिए। आरोप है कि तय शर्तों के अनुसार कैशबैक राशि नहीं दी गई और गुणवत्ताहीन वाहन थमा दिया गया। प्रार्थी ने वाहन वापस किया तो न तो दूसरा वाहन दिया गया और न ही रकम लौटाई गई।
इस मामले में थाना सनौद में अपराध क्रमांक 40/2026, धारा 420, 34 भारतीय दण्ड संहिता के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। विवेचना निरीक्षक सोन सिंह सोरी द्वारा की जा रही है।
*तीन के खिलाफ FIR, कंपनी के टॉप पदों पर आरोपी*
FIR में तीन लोगों को आरोपी बनाया गया है –
1. नंदकिशोर साहू – CEO 2. लोकेश द्विवेदी – MD 3. पुरुषोत्तम साहू – CMD
2 गिरफ्तार, 1 की तलाश जारी
पुलिस ने इस प्रकरण में लोकेश द्विवेदी पिता सुरेंद्र, निवासी ढेलवाडीह, कटघोरा, जिला कोरबा और पुरुषोत्तम साहू पिता श्री राम साहू, निवासी सारंगढ़, जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से दोनों को जेल भेज दिया गया है। तीसरा आरोपी नंदकिशोर साहू फरार है, जिसकी पतासाजी की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक किरण गंगाराम चव्हाण के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री चन्द्रकांत गवर्ना एवं एसडीओपी गुरूर श्रीमती माया शर्मा के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई।
*दस्तावेज और बैंक लेन-देन की जांच*
प्रार्थी ने शिकायत के समर्थन में बैंक स्टेटमेंट, कंपनी के चेक, एग्रीमेंट और अन्य दस्तावेज पुलिस को सौंपे हैं। पुलिस बैंक खातों और कंपनी दस्तावेजों की गहन जांच कर रही है। पूछताछ में आरोपियों के मेमोरेंडम कथन भी दर्ज किए गए हैं, जिसमें कंपनी की स्थापना, शेयर होल्डिंग, डीलरशिप संचालन और रिकॉर्ड के रख-रखाव को लेकर जानकारी सामने आई है।
*पुलिस की अपील*
बालोद पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी कंपनी की डीलरशिप, निवेश या बिजनेस प्लान में पैसा लगाने से पहले उसकी वैधानिक स्थिति और दस्तावेजों का सत्यापन जरूर करें। आकर्षक कैशबैक और ज्यादा मुनाफे के लालच में बिना पुष्टि के किसी को भी रकम न दें।











