बिलासपुर में दो दिवसीय प्रवास पर रहेंगे RSS प्रमुख मोहन भागवत, शताब्दी वर्ष के कार्यक्रमों पर होगी चर्चा

बिलासपुर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत 22 और 23 अक्टूबर को बिलासपुर के दो दिवसीय प्रवास पर रहेंगे। इस दौरान वे छत्तीसगढ़ प्रांत के संघ पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ संगठनात्मक गतिविधियों, विस्तार की योजनाओं और आगामी कार्यक्रमों को लेकर चर्चा करेंगे।

कोनी स्थित सरस्वती शिशु मंदिर में होगी बैठक

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, डॉ. मोहन भागवत 22 अक्टूबर को शाम 4 बजे बिलासपुर के कोनी स्थित सरस्वती शिशु मंदिर पहुंचेंगे। यहां क्षेत्र, प्रांत और विभाग स्तर के कार्यकर्ताओं के साथ बैठक आयोजित की जाएगी। दो दिवसीय प्रवास के दौरान संगठन से जुड़े विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श किया जाएगा।

संगठन के विस्तार और कार्यकर्ताओं के प्रशिक्षण पर जोर

प्रवास के दौरान संघ के कार्यों को अधिक व्यापक बनाने, संगठनात्मक गतिविधियों को आगे बढ़ाने और कार्यकर्ताओं के प्रबोधन से जुड़े विषयों पर चर्चा प्रस्तावित है। इसके साथ ही राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रमों की समीक्षा भी की जाएगी।

बैठकों में अब तक किए गए कार्यों की प्रगति, आगामी गतिविधियों और संगठन की भावी योजनाओं पर भी विचार-विमर्श होगा। डॉ. भागवत का यह प्रवास छत्तीसगढ़ में संघ की संगठनात्मक गतिविधियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Back to top button