बिलासपुर हाउसिंग बोर्ड में ‘बादाम’ से विरोध: वायरल वीडियो के बाद मिली एक साल से गुम फाइल

बिलासपुर। न्यायधानी बिलासपुर के तिफरा हाउसिंग बोर्ड कार्यालय में एक युवक का अनोखा विरोध प्रदर्शन इन दिनों सुर्खियों में है। विभागीय लापरवाही से परेशान युवक ने उप संपदा अधिकारी को बादाम भेंट कर विरोध जताया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।


एक साल से गुम थी नामांतरण की फाइल

जानकारी के मुताबिक, तरुण साहू नामक युवक ने एक साल पहले फ्लैट खरीदा था और नामांतरण के लिए सभी दस्तावेज जमा किए थे। आरोप है कि विभाग लगातार फाइल गुम होने की बात कहकर उसे चक्कर कटवा रहा था।

इसी से नाराज होकर युवक ने अधिकारी के टेबल पर बादाम रखते हुए कहा कि शायद इससे उनकी याददाश्त तेज हो जाए और फाइल मिल सके।


वीडियो वायरल, छुट्टी के दिन खुला दफ्तर

वीडियो वायरल होने और मीडिया में मामला उठने के बाद विभाग में हड़कंप मच गया। हालात ऐसे बने कि छुट्टी के दिन भी हाउसिंग बोर्ड कार्यालय खोला गया और फाइल की खोज शुरू की गई।

कड़ी मशक्कत के बाद आखिरकार गुम फाइल मिल गई, जिससे विभाग ने राहत की सांस ली।


महिला अधिकारी ने जताई आपत्ति

मामले में संबंधित महिला अधिकारी ने युवक की इस हरकत को असंवैधानिक बताते हुए आपत्ति जताई है। उन्होंने कहा कि वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल करना उनकी निजता का उल्लंघन है।

इस संबंध में उन्होंने पुलिस अधीक्षक से शिकायत भी की है, जिस पर जांच के बाद कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है।


अब बहस का विषय बना मामला

यह घटना अब सिर्फ एक गुम फाइल का मामला नहीं रह गई है, बल्कि सरकारी कार्यप्रणाली, आम जनता की परेशानी और विरोध के तरीके को लेकर बड़ी बहस छेड़ दी है।


सबसे बड़ा सवाल यही है कि अगर वीडियो वायरल नहीं होता, तो क्या एक साल से गुम फाइल कभी मिल पाती?

Back to top button